ई रिक्शा की बैट्री चार्ज करने को लेकर पेट्रोल पंप पर बवाल, फायरिंग में युवक को लगी गोली; कई घायल
बाराबंकी में एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार की देर रात बैटरी चार्जिंग करने को लेकर जमकर बवाल हुआ। इस दौरान पेट्रोल पंप के मालिक व उनके कर्मचारियों की तरफ से की गई फायरिंग में ग्रामीण को गोली लग गई।

यूपी के बाराबंकी में मामूली बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया। दरअसल लोनीकटरा थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार की देर रात बैटरी चार्जिंग करने को लेकर जमकर बवाल हुआ। इस दौरान पेट्रोल पंप के मालिक व उनके कर्मचारियों की तरफ से की गई फायरिंग में ग्रामीण को गोली लग गई। बवाल की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों व पेट्रोल पंप कर्मियों की बीच मारपीट में कई लोग घायल हो गए। पेट्रोल पंप के मालिक व उनके बेटे को भी चोटें आईं हैं। जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, गोली से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के रायपुर मजरे पोखरा के रहने वाले दीपचंद किसी काम से लोनीकटरा थाना क्षेत्र के भिड़वल गया था। वहां से रात लगभग 11.30 बजे लौटते समय ई रिक्शा की बैटरी डिस्चार्ज होने लगी। जिस पर दीपचंद नजदीक स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंच गया। वहां कर्मचारियों से बैटरी चार्जिंग के लिए अनुरोध किया। इस दौरान चार्जिंग लगाने की बात को लेकर पेट्रोल पंप कर्मियों और दीपचंद में बहस होने लगी जो बाद में विवाद में बदल गई।
बंधक बनाकर पीटने का आरोप
आरोप है कि इस बीच पहुंचे पेट्रोल पंप मालिक और उनके बेटे ने दीपचंद को कमरे बंधक बनाते हुए पिटाई कर दी। जिसकी जानकारी उसने गांव में दी। जिसपर पहुंचे ग्रामीणों और पेट्रोल पंप कर्मियों में जमकर मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान पेट्रोल पंप मालिक की तरफ से चली गोली गांव के ही लवकुश द्विवेदी (35) को लग गई। जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इस बीच गोली लगने और मारपीट की जानकारी होते ही आनन-फानन में कई थानों की फोर्स पहुंच कर किसी तरह मामला शांत कराया।
लोनीकटरा पुलिस आनन-फानन में घायल लवकुश को सीएचसी त्रिवेदीगंज ले गई। जहां से प्राथमिक उपचार बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की तरफ से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में पेट्रोलपंप मालिक के पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।




साइन इन