अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, 3 घंटे रोड जाम; पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा
गोरखपुर के एक अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल हो गया। महिला का शव लेकर परिजनों ने जाम लगा दिया और डॉक्टर पर केस दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। पुलिस के आश्वासन पर भी नहीं माने। जिसके बाद पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया।

यूपी के गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत पर मंगलवार शाम को बवाल हो गया। महिला का शव लेकर परिजनों ने तीन बजे जाम लगा दिया और डॉक्टर पर केस दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। पुलिस के आश्वासन पर भी नहीं माने और तीन घंटे तक बांसगांव-माल्हनपार रोड जाम रहा। बाद में छह बजे के करीब पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल के जांच की सूचना दी है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बांसगांव के रावतपार निवासी ब्रह्मदेव की पत्नी गीता देवी (40) के पेट में दर्द होने की शिकायत थी। परिजनों ने माल्हनपार स्थित चंद सेवा आश्रम में 20 अक्तूबर को भर्ती कराए थे। डॉक्टर ने पेट में ट्यूमर की जानकारी देकर एक लाख रुपये खर्च में ऑपरेशन की जानकारी दी। 25 अक्तूबर की रात में ऑपरेशन के बाद तबीयत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने गीता को शहर के एक नर्सिंग होम में रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के नाम पर धीरे-धीरे 75 हजार रुपये जमा कराए गए लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। बाद में डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया।
परिजनों ने मरीज को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया जहां 26 अक्तूबर को उसकी स्थिति ज्यादा बिगड़ गई है, जिस पर डॉक्टर ने ऑपरेशन किया। उसके बाद मरीज की तबीयत और खराब हो गई। 28 अक्तूबर की सुबह लगभग 8:45 बजे गीता देवी की मौत हो गई। लखनऊ से आने के बाद परिजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और अपराह्न करीब 3 बजे शव को रखकर बांसगांव-माल्हनपार रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ बांसगांव पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और जाम खुलवाने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। शाम छह बजे तक पुलिस ने समझाया, लेकिन उनके न मानने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।
इस मामले में एसपी साउथ जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक अस्पताल में मरीज की मौत हुई है। परिजनों ने लापरवावही का आरोप लगाकर जाम लगाया था। परिजनों से तहरीर मांगी गयी है। जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन