young man fired bullets during the Kali dance in Prayagraj प्रयागराज में काली नृत्य के दौरान युवक ने तड़तड़ाईं गोलियां, भीड़ में मची अफरा-तफरी, वीडियो वायरल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रयागराज में काली नृत्य के दौरान युवक ने तड़तड़ाईं गोलियां, भीड़ में मची अफरा-तफरी, वीडियो वायरल

प्रयागराज में शनिवार रात काली नृत्य के दौरान भीड़ के बीच एक युवक ने पिस्टल से दस राउंड हवाई फायरिंग कर खलबली मचा दी। ताबड़तोड़ फायरिंग से लोगों में एकबारगी हड़कंप मच गया। वहीं, हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी  को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Sun, 28 Sep 2025 09:46 PMPawan Kumar Sharma वरिष्ठ संवाददाता, प्रयागराज
share
प्रयागराज में काली नृत्य के दौरान युवक ने तड़तड़ाईं गोलियां, भीड़ में मची अफरा-तफरी, वीडियो वायरल

यूपी के प्रयागराज के मुट्ठीगंज के ऊंचामंडी में शनिवार रात काली नृत्य के दौरान भीड़ के बीच एक युवक ने पिस्टल से दस राउंड हवाई फायरिंग कर खलबली मचा दी। ताबड़तोड़ फायरिंग से लोगों में हड़कंप मच गया। खासकर महिलाएं व बच्चे सहम गए। हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी आशुतोष यादव उर्फ मुकुंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने की लिखापढ़ी की जा रही है।

ऊंचामंडी में शनिवार रात काली स्वांग का प्रदर्शन होना था। इसे देखने को बड़ी संख्या में भीड़ जुटी थी। वहीं सड़क किनारे मकानों की छतों व बारजे पर भी महिलाओं व बच्चों की भीड़ थी। आरोप है कि इस दौरान ऊंचामंडी निवासी आशुतोष यादव उर्फ मुकुंद ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक शख्स दस राउंड फायरिंग करते दिख रहा है। गनीमत रही कि हर्ष फायरिंग के दौरान छत व बारजे पर खड़े लोगों को गोली नहीं लगी, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।

पुलिस के अनुसार, आशुतोष यादव चौक स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर काम करता है। उसने अपने चाचा की लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की थी। एसीपी राजकुमार मीना ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए कार्यवाही की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आई लव मोहम्मद पर सरकार को आपत्ति क्यों; बरेली में लाठीचार्ज पर भड़के चंद्रशेखर

मुजफ्फरनगर में मुठभेड़ के दौरान एक लाख का इनामी ढेर

उधर, मुजफ्फरनगर जिले में रविवार को पुलिस ने मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी को मार गिराया हालांकि इस दौरान एक कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गया। मारे गये अपराधी पर एक लाख रुपये का इनाम था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि गश्त के दौरान पुलिस ने मीरापुर थानाक्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोकने की कोशिश की लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस पर गोलियां चलायीं।

जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपराधी की पहचान नईम कुरैशी के रूप में हुई है। कुरैशी लूट व हत्या के प्रयास के लगभग 35 मामलों में शामिल था और वह मुजफ्फरनगर, मेरठ और सहारनपुर जिलों में सक्रिय था।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।