Yogi government extends the time for digitization of old registries in UP by 6 months यूपी में पुरानी रजिस्ट्रियों के डिजिटाइजेशन के लिए 6 माह का समय बढ़ा, योगी सरकार का निर्णय, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में पुरानी रजिस्ट्रियों के डिजिटाइजेशन के लिए 6 माह का समय बढ़ा, योगी सरकार का निर्णय

यूपी में पुरानी रजिस्ट्रियों के डिजिटाइजेशन के लिए 6 माह का समय बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ।

Thu, 29 Jan 2026 09:05 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी में पुरानी रजिस्ट्रियों के डिजिटाइजेशन के लिए 6 माह का समय बढ़ा, योगी सरकार का निर्णय

यूपी में उप निबंधक कार्यालयों में पंजीकृत पुरानी रजिस्ट्रिों का डिजिटाइजेशन छह माह में पूरा कराया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ। कैबिनेट की बैठक में वर्ष 2002 से 2017 तक पंजीकृत विलेखों की स्कैनिंग व इंडेक्सिंग की परियोजना अवधि को अगले छह माह तक बढ़ाने को मंजूरी दी गई। यह परियोजना पहले ही अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और इसके लिए सरकार ने किसी अतिरिक्त बजट की जरूरत नहीं बताई है।

इस योजना को पहले वर्ष 2022 में 95 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई थी। बाद में व्यावहारिक कारणों से इसमें देरी होने पर जुलाई 2024 में परियोजना की अवधि बढ़ाते हुए कुल लागत 123.62 करोड़ रुपये कर दी गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंत तक इस योजना पर 109.05 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और शेष काम उपलब्ध बजट में ही पूरा किया जाएगा।

99% से अधिक इंडेक्सिंग, 98% स्कैनिंग पूरी

प्रदेशभर में इस परियोजना के तहत इंडेक्सिंग का 99.11 प्रतिशत और स्कैनिंग का 98.37 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अधिकांश जिलों में शत-प्रतिशत काम हो चुका है। एटा, वाराणसी, मुरादाबाद, मैनपुरी, लखनऊ, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, सहारनपुर व प्रयागराज में कुछ काम बचे है, जिसे अगले छह माह में पूरा किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में इन सड़कों का चौड़ीकरण होगा, योगी कैबिनेट की मंजूरी, यात्रा होगी आसान

दो स्तर पर हो रही जांच व सत्यापन

डिजिटाइजेशन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए हर दस्तावेज का दो स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। पहले स्तर पर सहायक महानिरीक्षक निबंधन द्वारा जांच की जा रही है, जबकि दूसरे स्तर पर मंडलों और वृत्तों के उप महानिरीक्षक निबंधन द्वारा पुनः परीक्षण किया जा रहा है। यह प्रक्रिया शत-प्रतिशत सत्यापन तक जारी रहेगी। पुराने दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन से कूटरचना व फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और जमीन-जायदाद से जुड़े रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित हो सकेंगे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।