यूपी के छात्रों को योगी सरकार की सौगात, तीन गुना बढ़ा इंटर्नशिप स्टाइपेंड, कैबिनेट से प्रस्ताव पर मुहर
उत्तर प्रदेश की योगी कैबिनेट ने राज्य के पशु चिकित्सा क्षेत्र में अध्ययनरत छात्रों को बड़ी सौगात देते हुए उनके मासिक इंटर्नशिप भत्ते को तीन गुना कर दिया है। सरकार के इस कदम का उद्देश्य भावी पशु चिकित्सकों का मनोबल बढ़ाना और राज्य के पशुधन स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना है।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य में उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्रों से जुड़े युवाओं के हक में एक और बड़ा फैसला लिया है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के पशु चिकित्सा (Veterinary) विश्वविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे छात्रों के हित में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। कैबिनेट ने इन छात्रों को मिलने वाले मासिक इंटर्नशिप भत्ते (Stipend) को सीधे तीन गुना बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब इंटर्नशिप कर रहे भावी पशु चिकित्सकों को हर महीने मिलने वाले 4,000 के स्थान पर 12,000 रुपए मिलेंगे।
इन तीन बड़े विश्वविद्यालयों के छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
सरकार के इस फैसले से उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख सरकारी विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पशु चिकित्सा के छात्रों को सीधा फायदा पहुंचेगा। इन संस्थानों में मथुरा अयोध्या और मेरठ के विश्वविद्यालय शामिल हैं। उप्र पं० दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान मथुरा, आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या और सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ के छात्रों को सौगात मिली है। कैबिनेट के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इन तीनों विश्वविद्यालयों में वर्तमान में कुल छात्र संख्या 300 है, जो इस बढ़े हुए भत्ते के दायरे में आएंगे।
सरकारी खजाने पर आएगा 4.20 करोड़ का अतिरिक्त भार
पशुपालन विभाग के इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार के खजाने पर प्रतिवर्ष लगभग 4.20 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। इस खर्च की व्यवस्था के लिए विश्वविद्यालयों को दिए जाने वाले शासकीय अनुदान के अंतर्गत 'गैर वेतन मद' (Non-Salary Head) से संबंधित लेखा शीर्ष में अतिरिक्त बजटीय प्रावधान किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि अन्य विकसित राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश के छात्रों को भी 12,000 प्रति माह स्टाइपेंड मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा और कार्य के प्रति उत्साहवर्धन होगा, जो आज बेहद जरूरी भी है।
यूपी की अर्थव्यवस्था और पशुधन विकास में मिलेगी मदद
कैबिनेट नोट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश विशाल जनसंख्या और विस्तृत क्षेत्रफल के साथ-साथ देश में सबसे बड़ी पशुधन आबादी वाला प्रदेश है। राज्य की ग्रामीण और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में पशुधन का बहुत बड़ा योगदान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप पशुओं को विभिन्न संक्रामक महामारियों से बचाने, उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्नत नस्ल के संवर्धन में इन भावी पशु चिकित्सकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मानव स्वास्थ्य के समान ही पशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि बेहतर और कुशल चिकित्सक तैयार हो सकें।




साइन इन