50 हजार महीना, लैपटॉप, आवास और भत्ता, OTD CM फेलो को योगी कैबिनेट की मंजूरी; ये है मकसद
वन ट्रिलियल डॉलर मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम यूपी के युवाओं को प्रदेश की तरक्की में सहयोग करने का मौका मुहैया कराएगा। इसके साथ ही यह स्थानीय संसाधन, संभावनाओं और निवेश अवसरों का विश्लेषण कर साक्ष्य आधारित विकास रणनीतियां तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

OTD CM फेलोशिप: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार शाम लखनऊ में हुई कैबिनेट की बैठक में वन ट्रिलियल डॉलर मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम (OTD CM Fellowship) को मंजूरी दे दी गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक (One) ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक पहुंचाने के लक्ष्य में जिला स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना है। इसके मद्देनजर हर जिले में डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला ओटीडी सेल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एक ओटीडी फेलो (आर्थिक विकास) और एक ओटीडी फेलो (डेटा विश्लेषक) को ओटीडी सीएम फेलो के रूप में जोड़ने का निर्णय लिया गया है।
ये फेलो विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर कृषि, उद्योग, निवेश, अवसंरचना, पर्यटन, रोजगार और जिला घरेलू उत्पाद (DDP) से संबंधित संकेतांकों की नियमित समीक्षा किए जाने में सहयोग करेंगे। इसके साथ ही डेटा का वैज्ञानिक विश्लेषण करते हुए मासिक और त्रैमासिक प्रगति रिपोर्ट भी तैयार करेंगे। इस उद्देश्य से बने विभाग द्वारा विकसित डैशबोर्ड के माध्यम से ऑनलाइन रिपोर्टिंग और केपीआई निर्धारित मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तथ्यपरक और परिणामोन्मुख बनेगी।
फेलो के लिए क्या चाहिए योग्यता
ओटीडी सीएम फेलो के लिए संबंधित विभागों में पोस्ट ग्रेजुएट उपाधि की पात्रता और अधिकतम 40 वर्ष आयु सीमा निर्धारित की गई है। जबकि अनिवार्य अहर्ता की उपाधि में निर्धारित प्रतिशत, शोध प्रकाशन और प्रासंगिक अनुभव को अधिमान दिया जाएगा।
चयनित फेलो को पारिश्रमिक और सुविधाएं
चयनित फेलो को 50 हजार रुपए प्रतिमाह पारिश्रमिक, लैपटॉप, यात्रा भत्ता और आवासीय सुविधा/ भत्ता दिया जाएगा। कार्यक्रम प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए होगा, जिसे प्रदर्शन के आधार पर नवीनीकृत किया जा सकेगा।
ऐसे होगा चयन
कार्यक्रम के तहत ओटीडी सीएम फेलो का चयन स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन (एसटीसी), उत्तर प्रदेश द्वारा किया जाएगा। चयन प्रक्रिया इस प्रकार होगी- लिखित परीक्षा (50 अंक) + अधिमानी अहर्ता (30 अंक) + साक्षात्कार (20 अंक) = कुल 100 अंक। प्रारंभिक कार्यकाल एक वर्ष (प्रदर्शन आधारित नवीनीकरण) का होगा।
ओटीडी सेल को सहयोग देंगे फेलो
ये फेलो स्थानीय संसाधन, संभावनाओं और निवेश अवसरों का विश्लेषण कर साक्ष्य आधारित विकास रणनीतियां तैयार करने में जिला ओटीडी सेल को सहयोग प्रदान करेंगे जिससे विभिन्न अंतर्निहित विभागीय योजनाओं का बेहतर प्राथमिकता निर्धारण और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।




साइन इन