विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड बर्दाश्त नहीं, फर्जी एजेंटों को जेल भेजें; योगी ने अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। केस दर्ज कर ऐसे लोगों को जेल में डालें। साथ ही पीड़ितों का पैसा भी वापस कराएं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। केस दर्ज कर ऐसे लोगों को जेल में डालें। ऐसे एजेंटों से पीड़ितों का पूरा पैसा भी वापस कराएं। उन्होंने विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड करने वालों को चिन्हित करने और उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लेने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश शनिवार सुबह कड़ाके की ठंड में आयोजित गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए दिए। गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने करीब 250 लोगों से मुलाकात की। सीएम योगी ने सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का प्रभावी निराकरण कराया जाएगा।
जनता दर्शन में आई एक महिला ने परिवार के एक सदस्य को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा ठगी किए जाने का मामला मुख्यमंत्री को बताया। इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को एजेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित का पैसा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला को भी समझाते हुए कहा, विदेश जाने के नाम पर एजेंटों के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए।
सुरक्षा-सहूलियत में न हो चूक, कर लें पुख्ता इंतजाम
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार देर शाम गोरखनाथ में पुलिस-प्रशासन के अफसरों के साथ खिचड़ी मेला और गोरखपुर महोत्सव को लेकर समीक्षा बैठक की। सीएम योगी ने बैठक में साफ शब्दों में कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा-सुविधा और सहूलियत में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। अभी से पूरी तैयारी कर लें।
खिचड़ी मेले की तैयारियों को लगभग पूरा जानकर उन्होंने संतोष जताया। साथ ही कहा कि नववर्ष के पहले दिन उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ प्रशासन के लिए खिचड़ी मेला के प्रबंध के रिहर्सल के रूप में होगी। इस दिन के प्रबंध से खिचड़ी मेला की तैयारियों को भी भौतिक रूप से परखने का अवसर मिल जाएगा। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने खिचड़ी मेला के प्रबंध को लेकर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनकी तैयारी की जानकारी ली। मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में तय की गई समय सीमा 20 दिसंबर के पूर्व ही सभी तैयारियां संतोषजनक मिलीं।




साइन इन