यहां का सांसद हूं, एक मुल्ला नहीं बोलेगा...सिंचाई विभाग के अफसरों के सामने BJP एमपी के बिगड़े बोल
अलीगढ़ सांसद गौतम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ कोल रजवाहा (नहर) को खाली कराए जाने के मुद्दे पर बातचीत के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक और सांप्रदायिक टिप्पणी की।

अलीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के सांसद सतीश गौतम एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। सांसद गौतम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ कोल रजवाहा (नहर) को खाली कराए जाने के मुद्दे पर बातचीत के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक और सांप्रदायिक टिप्पणी की। कहा कि सांसद हूं यहाँ का, एक मुल्ला नहीं बोलेगा। मामला कोल रजवाहा (नहर) को खाली कराए जाने से जुड़ा है, जिसकी वजह से सिंचाई विभाग के अधिकारियों के जल शक्ति मंत्री की बैठक चल रही थी। बैठक के बाद सांसद ने अधिकारियों के सामने ही अपनी बात रखते हुए विवादित टिप्पणी कर दी। सांसद ने कहा कि यहाँ का सांसद हूँ, एक मुल्ला नहीं बोलेगा। यहाँ एक परिंदा भी जब उड़ेगा जब हमसे इजाजत ले लेगा।
सांसद की इस तरह की भाषा शैली और सांप्रदायिक टिप्पणी को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में आलोचना शुरू हो गई है। विपक्ष ने सांसद के बयान को समाज को बांटने वाला और उनकी संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ बताया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन बैठक में मौजूद अन्य लोगों के बीच सांसद के बिगड़े बोल चर्चा का विषय बन गए हैं। इससे पहले सांसद मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की मीटिंग में शामिल हुए।
क्या है पूरा विवाद
दरअसल, विवाद का मुख्य कारण करीब पांच किलोमीटर लंबा कोल रजवाहा है। सांसद का आरोप था कि अधिकारी इस रजवाहे की सफाई या जमीन खाली कराने में कोताही बरत रहे हैं या किसी दबाव में काम कर रहे हैं।
बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं सतीश गौतम
सांसद अपने विवादित बयानों को लेकर पहले भी चर्चाओं में रह चुके हैं। एएमयू के यूनियन हाल में रखी जिन्ना की तस्वीर को पाकिस्तान भेजने के मामले में सुर्खियों में आए थे और आए न आए दिन अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर विवादित बयान व टिप्पणियां करते रहते हैं।
रजवाहा पर विशेष समुदाय द्वारा सपा शासन में कब्जे का आरोप
सांसद ने जलशक्ति मंत्री को रजवाहे के संबंध में एक पत्र भी सौंपा। आरोप है कि विधानसभा कोल में कोल रजवाहा निकल रहा है। इस पर विशेष समुदाय द्वारा समाजवादी पार्टी शासनकाल में अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया गया था। इसकी शिकायत भाजपा नेता डॉ. निशित शर्मा जी द्वारा मुख्यमंत्री से शिकायत भी की जा चुकी है। जिसके बाद मुख्यमंत्री के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाने की अधूरी कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों ने कार्य को लंबित कर दिया। इस कारण लोकसभा के क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में व्यवधान उत्पन्न हुआ है और निरंतर जल स्तर गिर रहा है। निरंतर संबंधित अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से शिकायत की जा रही है लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।




साइन इन