इश्क में कातिल बनी बीवी, आशिक संग मिलकर पति को मारकर बगीचे में दफनाया, 3 महीने बाद खुला राज
शाहजहांपुर में एक युवक की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने पत्नी और उसके आशिक को गिरफ्तार किया है। दरअसल, युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे पति की हत्या कर शव बगीचे में दफना दिया था।

UP News: यूपी के शाहजहांपुर से एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के मानपुर मलिकापुर गांव से करीब तीन महीने पहले लापता ओमकार की हत्या कर शव दबा दिया गया था। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कांट थाना क्षेत्र के ग्राम लिनथरा स्थित बगीचे से शव बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक प्रेम प्रसंग में हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस के अनुसार मानपुर मलिकापुर निवासी ओमकार 23 फरवरी को तिलहर न्यायालय में तारीख पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद उसके भाई सत्यवीर सिंह ने छह मार्च को थाना सेहरामऊ दक्षिणी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी युवक का सुराग नहीं लगा। जांच के दौरान परिवार और गांव के लोगों से पूछताछ में कई तथ्य सामने आए। चार जून को मृतक के भाई ने अपहरण की आशंका जताते हुए ओमा भारती और नन्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हत्या का खुलासा हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि ओमा भारती और ग्राम लिनथरा निवासी नन्हे के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों को आशंका थी कि ओमकार उनके संबंधों में बाधा बन सकता है। पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन दोनों ने ओमकार को नन्हे की बगीचे में बुलाया। वहां पहले उसे शराब पिलाई और नशे की हालत में उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को बगीचे में केले के पेड़ के पास गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में हत्या समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पति को छोड़ प्रेमी संग रहने लगी थी महिला
पुलिस के मुताबिक ओमा भारती दिवैयापुर गांव की रहने वाली है। बहन की ससुराल ग्राम लिनथरा में होने की वजह से उसका वहां आना-जाना था। इसी दौरान उसकी पहचान नन्हे से हुई और दोनों करीब आ गए। पूछताछ में सामने आया कि पति के लापता होने के बाद ओमा भारती अपने पति का घर छोड़कर नन्हे के साथ रहने लगी थी। इसके हत्या का शक और गहरा गया।
हत्या के दिन तीनों की लोकेशन एक साथ मिलने पर बढ़ा शक
एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए। घटना वाले दिन मृतक ओमकार, उसकी पत्नी ओमा भारती और नन्हे की मोबाइल लोकेशन एक ही इलाके में मिली। इससे पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद तीनों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी निकलवाई गई। जांच में ओमा भारती और नन्हे के बीच लगातार बातचीत के साक्ष्य सामने आए। पुलिस ने इन्हीं तथ्यों के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ शुरू की, जिससे मामला खुलता चला गया।
युवक की पत्नी ओमा भारती से पूछताछ में खुला पूरा घटनाक्रम
एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि ओमा भारती से पहले कभी गहराई से पूछताछ नहीं की गई थी। पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर सवाल किए तो वह टूट गई और उसने पूरी घटना कबूल कर ली। ओमा ने बताया कि प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर ओमकार की हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने नन्हे से अलग पूछताछ की। उसके बयान भी ओमा द्वारा बताए गए घटनाक्रम से मेल खा गए, जिससे पुलिस का शक पूरी तरह पुख्ता हो गया।




साइन इन