पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति को कुल्हाड़ी से काट डाला, दो साल की बेटी को लेकर हुई फरार
39 वर्षीय रणवीर सिंह यादव ट्रक चलाते थे। दो दिन पहले ही वह घर लौटा था। रविवार की देर रात सोते समय पत्नी पूजा ने अपने बॉयफ्रेंड अर्पित के साथ मिलकर रणवीर पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। वारदात के बाद पूजा अपनी 2 साल की बेटी को लेकर अर्पित के साथ भाग निकली।

उत्तर प्रदेश के इटावा के पड़ियापुर में रविवार देर रात एक महिला ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति को कुल्हाड़ी से काट डाला। खौफनाक घटना को अंजाम देने के बाद वह दो साल की बेटी को साथ लेकर बॉयफ्रेंड समेत भाग निकली। सुबह पिता घर पहुंचे तो बेटे का खून से लथपथ शव पड़ा देख होश उड़ गए। सूचना पर मौका-ए-वारदात पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की। भाई की तहरीर पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पड़ियापुर के रहने वाले 39 वर्षीय रणवीर सिंह यादव ट्रक चलाते थे। दो दिन पहले ही वह घर लौटा था। रविवार देर रात सोते समय पत्नी पूजा ने अपने बॉयफ्रेंड अर्पित के साथ मिलकर रणवीर पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। वारदात के बाद पूजा अपनी दो साल की बेटी को लेकर अर्पित के साथ भाग निकली।
दूसरे घर पर रहने वाले पिता लाखन सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह वह बेटे रणवीर के घर पहुंचे तो उसका खून से लथपथ शव पड़ा था। कमरे में जाकर देखा तो काफी दूर तक खून की छींटे थीं। घटनास्थल को देखने से लग रहा था कि रणवीर ने अपनी जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया। उसे घसीटे जाने के भी निशान थे।
बड़ी बेरहमी से कुल्हाड़ी से वारकर मौत के घाट उतारा गया। बरामदे में उगीं सब्जियों के पास खून से सनी कुल्हाड़ी भी पड़ी मिली। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने बताया रणवीर के भाई प्रदीप की तहरीर पर पूजा, उसके बॉयफ्रेंड अर्पित और अर्पित के पिता सर्वेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारदात के बाद से ही सभी फरार हैं। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।




साइन इन