जेल में कैदी ने क्यों किया गायत्री प्रजापति पर हमला? सामने आई हैरान कर देने वाली वजह
पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर एक बंदी ने लोहे की रॉड से वार कर लहूलुहान कर दिया। उनकी चीखें सुनकर दूसरे बंदी दौड़कर आए और आरोपित को दबोच लिया। दरअसल पूर्व मंत्री ने सफाई करने वाले बंदी से पानी के लिए बुलाया लेकिन कुछ देर होने पर वह नाराज हो गए और कुछ कह दिया। इसी से नाराज होकर हमला कर दिया।

लखनऊ जिला कारागार में बंद सपा के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर मंगलवार शाम एक बंदी ने लोहे की रॉड से वार कर लहूलुहान कर दिया। उनकी चीखें सुनकर दूसरे बंदी दौड़कर आए और आरोपित को दबोच लिया। वहीं, इस हमले से घायल गायत्री प्रजापति को केजीएमयू ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक पूर्व मंत्री ने अस्पताल में सफाई करने वाले बंदी से पानी देने के लिए बुलाया। लेकिन कुछ देर होने पर वह नाराज हो गए और कुछ कह दिया। इसी से नाराज होकर बंदी ने उन पर हमला बोल दिया।
गैंगरेप के मामले में जिला जेल में बंद सजायाफ्ता गायत्री प्रजापति को डायबिटीज, बीपी, गुर्दा, कमर दर्द समेत कई दूसरी बीमारियों के चलते जेल अस्पताल में हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे गायत्री प्रजापति ने अस्पताल में सफाई करने वाले बंदी विश्वास को पानी देने के लिए बुलाया। कुछ देर होने पर गायत्री ने उसे कुछ बोल दिया। इससे नाराज विश्वास ने पास में पड़ी रैक की एक छोटी लोहे की रॉड लेकर गायत्री के सिर पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। गायत्री ने जोर से चिल्लाते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन उसने दोबारा रॉड से हमला कर गिरा दिया।
वहीं, चीख सुनकर दूसरे बंदियों ने दौड़कर विश्वास को पकड़ लिया। वहां मौजूद जेलकर्मियों ने फौरन डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने खून को साफ कराया, फिर टांके लगाकर मरहम पट्टी की। इसके बाद जेल के अधिकारी उनको एंबुलेंस से ले जाकर केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
अखिलेश ने की न्यायिक जांच की की मांग
सपा चीफ अखिलेश यादव ने हमले की न्यायिक जांक की मांग की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "पूर्व विधायक व उप्र सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर जेल में हुए जानलेवा हमले की निष्पक्ष न्यायिक जांच हो। यूपी में कहीं भी, कोई भी सुरक्षित नहीं है।"




साइन इन