while travelling on google maps car fell into a ditch on an under construction bypass crane had to be called 4 injured गूगल मैप ने निर्माणाधीन बाईपास पहुंचाया, 40 फुट नीचे गिरी कार, बुलानी पड़ी क्रेन; 4 घायल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गूगल मैप ने निर्माणाधीन बाईपास पहुंचाया, 40 फुट नीचे गिरी कार, बुलानी पड़ी क्रेन; 4 घायल

बाईपास पर बन रहे ब्रिज पर बैरिकेडिंग तो लगाया गया है, लेकिन डायवर्जन के संकेत के कारण कार सवार पुल के बगल के रास्ते से बाईपास मार्ग को पकड़कर आगे बढ़ गए। वे कुछ दूर ही बढ़े थे कि अचानक नहर के पास एक और निर्माणाधीन ब्रिज के पास गड्ढे में जा गिरे।

Sun, 15 June 2025 10:03 AMAjay Singh संवाददाता, महाराजगंज
share
गूगल मैप ने निर्माणाधीन बाईपास पहुंचाया, 40 फुट नीचे गिरी कार, बुलानी पड़ी क्रेन; 4 घायल

यूपी के महाराजगंज में गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और फ्लाईओवर ब्रिज बनाने के दौरान कार्यदायी संस्था की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। भैया फरेंदा ब्रिज पर हुए हादसे के बाद अब कोल्हुई थाना क्षेत्र के कुशहा गांव के पास वैगनार कार 40 फुट नीचे गड्ढे में गिरी। हालांकि कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए। वाहन में सवार लोग गूगल मैप के सहारे सोनौली से गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। कोल्हुई बाईपास का निर्माण अभी अधूरा है। बावजूद इसके, वे लोग बाईपास ब्रिज के पास लगे डायवर्जन के संकेत को समझ नहीं सके और अधनिर्मित बाईपास मार्ग पर फर्राटा भरने लगे। इसी बीच यह हादसा हो गया।

बस्ती के रहने वाले कार सवार नेपाल से लौट कर शनिवार की देर रात घर जा रहे थे। गूगल मैप के सहारे वे लोग राष्ट्रीय राजमार्ग से गोरखपुर की तरफ आगे बढ़ रहे थे। कोल्हुई के पहले बाईपास का निर्माण हो रहा है, जो रुद्रपुर को जाकर मिलता है। बाईपास पर बन रहे ब्रिज पर बैरिकेडिंग तो लगाया गया है, लेकिन डायवर्जन के संकेत के कारण कार सवार पुल के बगल के रास्ते से बाईपास मार्ग को पकड़कर आगे बढ़ गए। कुछ दूर ही बढ़े थे कि अचानक नहर के पास एक और निर्माणाधीन ब्रिज के पास गड्ढे में जा गिरे। सूचना पर पहुंची कोल्हुई पुलिस ने करीब 40 फीट नीचे गड्ढे में गिरी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाया। कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। हालांकि पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जोगियाबारी पुलिस चौकी लाई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ में अब तक 29 कोरोना पॉजिटिव, जानें कितने दिन में ठीक हो रहे मरीज?

हादसे में ये हुए हैं घायल

इस हादसे में घायल कार सवारों में जसविंदर सिंह पुत्र सुरेंद्र, आकाश श्रीवास्तव पुत्र सुनील श्रीवास्तव, काजल आर्या पुत्री राम सुंदर, रोकैया पुत्री अहमद बस्ती जिले के पुरानी बस्ती के रहने वाले हैं। घटना के बाद सभी घायलों का प्राथमिक इलाज कराया गया। इसके बाद ये लोग अन्य साधनों से अपने घर के लिए रवाना हो गए।

क्या बोली पुलिस

एसओ कोल्हुई आशीष सिंह ने बताया कि बन रहे कोल्हुई बाईपास पर कार हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार को गड्ढे से बाहर निकलवाया गया। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। मामूली चोटें आई थीं। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ में अब तक 29 कोरोना पॉजिटिव, जानें कितने दिन में ठीक हो रहे मरीज?

भैया फरेंदा में फ्लाईओवर से लटक गई थी कार

बता दें कि अभी कुछ दिन पहले महाराजगंज में ही गोरखपुर-सोनौली नेशनल हाईवे के पास भैया फरेंदा में गूगल मैप की मदद से रास्ता तय कर रही एक कार फ्लाईओवर पर चढ़ने के बाद आगे जाकर नीचे की ओर लटक गई थी। हालांकि इसमें जान-माल के किसी नुकसान की खबर सामने नहीं आई थी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।