यूपी पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे हैं तो जान लें, योगी के मंत्री राजभर ने बताया कब होंगे इलेक्शन
यूपी पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे हैं तो जान लीजिए। योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर बता दिया है कि यूपी पंचायत कब कराने की तैयारी है।

यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तय समय पर मई तक कराने की तैयारी की जा रही है। योगी सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि चुनाव समय पर ही होंगे और इसके लिए जल्द तैयारियां तेज की जाएंगी। किसी भी कीमत पर चुनाव को टलने नहीं दिया जाएगा।
गुरुवार को राजभर ने यह बात फिर दोहराई। वह पहले भी तय समय पर पंचायत चुनाव कराने की बात कह चुके हैं। सूत्रों की मानें तो राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान भी तय समय पर पंचायत चुनाव कराने की चर्चा की है। हलांकि अभी तक ओबीसी आरक्षण तय करने को समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन नहीं हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसका गठन जल्द होगा। फिलहाल एसआईआर की प्रक्रिया के खत्म होते ही पंचायत चुनाव की तैयारियां काफी तेज किए जाने की उम्मीद है।
इसके पहले गुरुवार को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पंचायती राज विभाग के मासिक न्यूजलेटर “पंचायतों की प्रगति गाथा” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित विभाग का वार्षिक कैलेंडर “नारी शक्ति की नई उड़ान, गांव बदल रही महिला प्रधान” मुख्यमंत्री को भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और इनके सशक्तिकरण से ही प्रदेश का समग्र विकास संभव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मासिक न्यूजलेटर ग्राम पंचायतों में हो रहे सकारात्मक बदलावों, नवाचारों और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। इसके जरिए गांवों की सफल विकास कहानियां एक मंच पर सामने आएंगी और अन्य पंचायतों को भी प्रेरणा मिलेगी।




साइन इन