ये कैसा पति? पत्नी के इलाज में पैसे खर्च होने लगे तो कर दी हत्या, दोस्तों ने भी साथ दिया
20 साल पहले जिस राहुल शर्मा ने रीता शर्मा से सात जन्मों के साथ की कसम खाई थी उसी राहुल ने अपने दो दोस्तों के साथ मिल कर दो फरवरी की रात को रीता की चाकू से गोद कर मार डाला। रीता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर हत्यारोपी पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी के मंडप में सात जन्मों तक साथ निभाने की जो कसम खाई जाती है, उसे भुलाकर जब पति या पत्नी एक-दूसरे को किसी खौफनाक वारदात का शिकार बना डालते हैं तो समाज सन्न रह जाता है। दुर्भाग्य से पिछले कुछ समय से ऐसी घटनाओं में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। ताजा मामला हापुड़ से सामने आया है जहां थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में दो फरवरी की रात को एक युवक ने अपनी पत्नी की सिर्फ इस वजह से हत्या कर दी कि वह कैंसर से पीड़ित थी और उसके इलाज पर पैसे खर्च हो रहे थे। इस वारदात में युवक के दोस्तों ने भी उसका साथ दिया। हत्या के बाद युवक एक शादी में गया, वहां तस्वीरें खिंचवाईं और फिर बिजनौर जाकर अपनी दुकान में सो गया। महिला की हत्या के पीछे बीमारी के अलावा घरेलू कलह को भी एक कारण बताया जा रहा है।
20 साल पहले जिस राहुल शर्मा ने जिला बुलंदशहर के गांव बहापुर निवासी रीता शर्मा से सात जन्मों के साथ की कसम खाई थी उसी राहुल ने अपने दो दोस्तों के साथ मिल कर दो फरवरी की रात को रीता की चाकू से गोद कर मार डाला। रीता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर हत्यारोपी पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्यारोपी पति राहुल शर्मा को गांव बलवापुर के पास और शेरअली उर्फ शेरा, फिरोज को बंबा के पास से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो आला कत्ल चाकू को बरामद किया।
शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी विनीत भटनागर ने खुलासा कर बताया कि हत्यारोपी पति राहुल शर्मा का अपनी पत्नी मृतका रीता शर्मा से घरेलू कलह और उसकी बीमारी में रुपये खर्च को लेकर विवाद रहता था। जिसके चलते उसने शेर अली और फिरोज के साथ हत्या करने का षडयंत्र रचा। दो फरवरी की रात राहुल शर्मा शेर अली और फिरोज को लेकर घर पहुंचा। जिसके बाद उन्होंने रीता का कंबल से मुंह दबाया और चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर गांव नानोई में जाकर फोटो खिंचवाया और उसके बाद जिला बिजनौर के चांदपुर में जाकर अपनी दुकान पर सो गया था।
उन्होंने बताया कि तीन फरवरी की अल सुबह राहुल घर पहुंचा और परिजन और रिश्तेदारों से फोन कर लूट के बाद पत्नी रीता की हत्या की सूचना देकर गुमराह करने की कोशिश की। हत्या की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों ने निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से दो बार साक्ष्य एकत्रित किए थे।
फिल्म देखकर बनाई थी हत्या की योजना
हत्यारोपी पति राहुल शर्मा ने बताया कि उसने पत्नी रीता की हत्या का प्लान फिल्म देखकर बनाया था। अपने साथियों के पकड़ने जाने पर भी उनका सारा खर्चा करने की बात की थी। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि हत्या करने के बाद गांव नानोई में शादी समारोह में शामिल होने चला गया था। जिससे किसी को उस पर शक ना हो सके।
राहुल ने दिवाली पर भी बनाया था रीता की हत्या करने का प्लान
राहुल ने दिवाली पर भी रीता की हत्या का प्लान बनाया था। लेकिन तब वह इस प्लान को अंजाम नहीं दे सका। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तीन फरवरी की अल सुबह राहुल ने पुलिस को सूचना देकर बताया था कि बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर उसकी पत्नी रीता की हत्या कर दी है। मौके पर आलाधिकारी पहुंचे। उस दौरान राहुल शर्मा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन साक्ष्यों की कमी के चलते वह फंस गया। रीता के परिजन पहुंचे और उन्होंने उस पर विधवा महिला से अवैध संबंध का आरोप लगाकर उसके और परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।




साइन इन