What a strange coincidence Problems seem to plague South Africa's cricket matches at the Ekana Stadium in Lucknow गजब संयोग! लखनऊ के इकाना में दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट मैच पर ही आते हैं संकट, अबकी तीसरा मौका, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गजब संयोग! लखनऊ के इकाना में दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट मैच पर ही आते हैं संकट, अबकी तीसरा मौका

भारत-दक्षिण अफीका के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों पर कोहरे ने कहर ढाया है। ठिठुरते हुए मैच देखने पहुंचे लोग घंटों स्टेडियम में इंतजार के बाद भी मैच नहीं देख सके। कोहरे के कारण ही टी-20 मुकाबला रद्द करना पड़ गया है।

Thu, 18 Dec 2025 10:12 AMYogesh Yadav अनंत मिश्रा लखनऊ
share
गजब संयोग! लखनऊ के इकाना में दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट मैच पर ही आते हैं संकट, अबकी तीसरा मौका

दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच जब-जब इकाना स्टेडियम में मैच होने को हुए, कोई न कोई संकट जरूर आया। दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच मुकाबले के तीन मौके आए। बुधवा को तीसरा मौका था जब कोहरे के कारण टॉस भी नहीं हो सका और काफी इंतजार के बाद भी मैच रद्द करना पड़ा है। पहली दफा दक्षिण अफ्रीका को इकाना में खेलने का मौका अप्रैल 2020 में मिलना था। भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच एकदिवसीय मुकाबले की मेजबानी इकाना को मिली थी। तब कोरोना संक्रमण शुरू हुआ था। मैच की तैयारियां पूरी हो गई थीं। ऐन एक दिन पहले जिला प्रशासन ने मैच रद्द करवा दिया। दक्षिण अफ्रीका की टीम कई दिन तक होटल में कैद रही।

दूसरी दफा अक्तूबर 2022 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एकदिवसीय मैच की मेजबानी फिर इकाना को मिली। मैच वाले दिन इतनी तेज बारिश हुई कि मैच रद्द होने की संभावना बनने लगी थी। हालांकि, बारिश रुकी। आधुनिक उपकरणों से लैस इकाना का मैदान खेलने लायक बनाया गया और 50-50 के बजाय 40-40 ओवरों का मैच हुआ। भारत इसमें नौ रन से हारा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इकाना में इंडिया-साउथ अफ्रीका टी-20 मुकाबले से पहले दर्शकों में जबरदस्त उत्साह

ठिठुरते हुए पहुंचे दर्शक, घंटों बाद मायूस लौटे

करीब दो साल बाद दो देशों के बीच क्रिकेट के फटाफट संस्करण यानी टी-20 की जंग देखने लखनऊ के इकाना अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में जमा हुए खेल प्रेमियों को कोहरे के कारण मायूस होना पड़ा। 12 डिग्री तापमान में ठिठुरते हुए स्टेडियम तक पहुंचे दर्शक भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एक रोमांचक भिड़ंत के गवाह नहीं बन सके। कोहरे के कारण दोनों देशों के बीच टी-20 सीरीज का चौथा मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। फिलहाल भारत इस सीरीज में 2-1 से आगे है। अब सीरीज का आखिरी यानी पांचवां टी-20 मुकाबला अहमदाबाद में होगा।

लखनऊ का मौसम बुधवार सुबह से ही खराब था। कोहरे के बाद बदली और ठिठुरन थी। जैसे-जैसे दिन बढ़ा, वैसे-वैसे मौसम और खराब होता गया। इकाना स्टेडियम से सटकर गोमती बहती है। आसपास खासी हरियाली है। ठण्ड के कारण अपराह्न 3 बजे से ही ऐसा लग रहा था जैसे बादल नीचे आ गए हों। शाम को स्टेडियम के भीतर धुंध बढ़ने लगी। जैसे-जैसे रात बढ़ी, वैसे-वैसे कोहरा भी बढ़ा। धुंध देखकर शाम को ही यह माना जाने लगा था कि मैच रद्द हो सकता है। अंपायरों ने छह बार आधा-आधा घंटे में स्थितियों का जायजा लेकर मैच रद्द करने की औपचारिकता पूरी की।

अब सभी की नजरें अहमदाबाद पर

सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद में 19 दिसम्बर को खेला जाएगा। यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के लिए सीरीज बराबरी करने का मौका होगा। वहीं भारत के लिए सीरीज 3-1 से अपने पक्ष में करने का। वहीं खेल प्रेमियों को भी इस मैच का इंतजार होगा।

धुंध के कारण टास भी नहीं हो सका

खराब मौमस के कारण अंपायरों अनंत पद्मनाभन और रोहन पण्डित ने टास भी नहीं कराया। ठिठुरन फिर उसके बाद धुंध को देखते हुए मैच समय से शुरू नहीं हुआ। इसके बाद अंपायरों ने आधा-आधा घंटे के अंतराल में स्थिति का जायजा लिया। अंततः आठ बजे अंपायरों ने मैच शुरू करने से मना कर दिया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।