शादी में मची नाश्ते की लूट, चिप्स के पैकेट लेकर भागा दूल्हा, वीडियो हो रहा वायरल
यूपी के हमीरपुर से एक गजब वीडियो वायरल हो रहा है। अपनी ही शादी से दूल्हा चिप्स के पैकेट लेकर भागता दिखाई दे रहा है। चाय-नाश्ते के लिए मची लूट के बाद का यह मामला बताया जा रहा है। यहां के राठ कस्बे के बीएनवी मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

यूपी के हमीरपुर से एक गजब वीडियो वायरल हो रहा है। अपनी ही शादी से दूल्हा चिप्स के पैकेट लेकर भागता दिखाई दे रहा है। चाय-नाश्ते के लिए मची लूट के बाद का यह मामला बताया जा रहा है। यहां के राठ कस्बे के बीएनवी मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान स्टाल पर लूट मच गई। वर-कन्या पक्ष के लोग एक-दूसरे को धकियाते हुए सामान लूटते दिखे।
25 नवंबर को बीएनवी मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का कार्यक्रम था। कार्यक्रम समाप्ति के बाद चाय-नाश्ते का इंतजाम किया गया था। अधिकारियों की अनदेखी के चलते खाने-पीने के सामानों पर भीड़ टूट पड़ी। कोई चिप्स के पैकेट लेकर भाग रहा था तो कोई खुद ही चाय लेकर। वर-कन्या पक्ष के लोग एक-दूसरे को धकेलते हुए सामान लूट रहे थे। जिसको जो मिला लेकर भागा। इस बीच एक दूल्हा भी चिप्स के पैकेट लेकर भागता दिखा। घंटों अफरातफरी का माहौल रहा है।
भागमभाग में एक मासूम गर्म चाय के भगोने की चपेट में आकर झुलस गया। प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह से असहाय नजर आए। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि क्षमता से अधिक भीड़ आने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। करीब 15 हजार की भीड़ को बार-बार एनाउंस कर कतारबद्ध होकर नाश्ता लेने की बात कही जा रही थी लेकिन भीड़ अचानक टूट पड़ी।
चार ब्लॉकों से आए थे 380 जोड़े
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में चार ब्लॉकों राठ, सरीला, गोहांड और मुस्करा के 380 से जोड़े शादी के लिए आए थे। दोनों पक्षों की ओर से कुल 20-20 लोग को बुलाया गया था। कार्यक्रम में राठ विधायक मनीषा अनुरागी, चेयरमैन श्रीनिवास बुधौलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के जाते ही भीड़ अराजक हो गई और चाय-नाश्ते पर टूट पड़ी।




साइन इन