25 को आनी थी बेटी की बारात, सिलेंडर नहीं मिले तो बढ़ानी पड़ी तारीख; अब 28 को गूंजेगी शहनाई
महिला ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 25 मार्च की थी, लेकिन सिलेंडर नहीं मिलने के चलते शादी आगे बढ़ाकर 28 मार्च करनी पड़ी। मगर सिलेंडर अभी भी नहीं मिल रहे हैं। पीड़ित महिला की व्यथा सुनने के बाद डीएसओ ने अधिकारियों को शाम तक सिलेंडर का इंतजाम करने का आदेश दिया।

UP News: ईरान-इजराइल युद्ध के बीच रसोई गैस सिलेंडरों को लेकर अचानक से बढ़ी डिमांड और इस वजह से कहीं-कहीं वास्तविक जरूरतमंदों को सिलेंडर मिलने में आ रही दिक्कतों के बीच यूपी के हापुड में बुधवार को एक महिला अपने परिवारीजनों के साथ डीएसओ कार्यालय में पहुंचीं। महिला ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 25 मार्च की थी, लेकिन सिलेंडर नहीं मिलने पर शादी आगे बढ़ाकर 28 मार्च करनी पड़ी। मगर सिलेंडर अभी भी नहीं मिल रहे हैं। पीड़ित महिला की व्यथा सुनने के बाद डीएसओ डॉ सीमा सिंह ने बेटी की शादी का कार्ड देखा, जिस पर 25 मार्च का विवाह अंकित था। इसके बाद शादी के लिए सिलेंडरों की व्यवस्था कराई गई। डीएसओ डॉ सीमा सिंह ने कहा कि आप बेटी की शादी करो, आपको सिलेंडर मिल जाएंगे। डीएसओ के हस्तक्षेप से समस्या का समाधान होने के बाद लड़की के परिवारीजन अब 28 मार्च को होने वाली शादी की तैयारियों में जुटे हैं।
उधर, इस वाकये की आसपास के लोगों के बीच काफी चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष के चलते आ रही दिक्कतों से अब सामान्य परिवारों को इस तरह जूझना पड़ रहा है। बिमलेश पत्नी सोमपाल ने बताया कि वह गांव बदनौली स्थित नटों की मडैय्या में रहती हैं, उनकी बेटी की बारात बुधवार को जिला मुरादाबाद के एक गांव से आनी थी। शादी की सभी तैयारियों को परिवारीजनों ने पूरा भी कर लिया था।
लेकिन बारातियों और मेहमानों के लिए खाना-नाश्ता आदि बनवाने के लिए परिवारीजन गैस सिलेंडर की व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे। इस वजह से शादी वाले घर में परेशानी खड़ी हो गई। गांव और आसपास के लोगों से सिलेंडर की मिन्नतें करने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हो सका तो परिवारीजनों ने बेटी के होने वाले ससुरालियों से बात कर शादी की तारीख को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। जिस पर शादी की तारिख तीन दिन के लिए आगे बढ़ा दी गई।
बुधवार को युवती की मां और अन्य परिवारीजन जिला मुख्यालय पहुंचे और अपनी व्यथा वहां मौजूद जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को बताई। जिला पूर्ति अधिकारी ने परिवारीजनों की परेशानी को समझते हुए तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें गैस सिलेंडर शाम तक उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा कुछ सिलेंडरों को बृहस्पतिवार सुबह तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। डीएसओ के इस आश्वासन के बाद परिवारीजन घर लौट गए। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि अब 28 मार्च को बारात के स्वागत में दिक्कत नहीं आएगी क्योंकि डीएसओ के आदेश से सिलेंडरों का इंतजाम हो जाएगा।
क्या बोलीं जिला पूर्ति अधिकारी
हापुड की जिला पूर्ति अधिकारी डॉ.सीमा बालियान ने बताया कि बेटी की शादी के लिए परिजन उनसे मिले थे। सिलेंडरों को लेकर वह परेशान थे, जिसका निदान करा दिया गया है।




साइन इन