यूपी: नहर में गिर गईं बारातियों की दो कारें, बुझ गए दो परिवारों के इकलौते चिराग; 11 घंटे बाद मिले शव
प्रयागराज नैनी में रहने वाले CRPF कर्मी लालजी शुक्ल के बेटे अभिषेक की रविवार को कोरांव थानाक्षेत्र के घूघा गांव में शादी थी। बारात में शामिल होने के लिए अलग-अलग जगहों से आए दूल्हे के नौ दोस्त कीया और आईटेन कार से घूघा गांव जा रहे थे। रात लगभग 10 बजे बेलन नहर की पुलिया से दोनों कारें नहर में गिर गईं।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नहर में गिरी बारातियों की कार में सवार रहे दो युवकों के शव हादसे के लगभग 11 घंटे बाद सोमवार सुबह बरामद कर लिए गए। दोनों युवक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। दोनों के शव कोरांव थाने के दीवान ने घटनास्थल से लगभग सौ मीटर दूर नहर से निकाला। पुलिस पहले शवों को सीएचसी कोरांव ले गई, बाद में पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।
नैनी में रहने वाले सीआरपीएफ कर्मी लालजी शुक्ल के बेटे अभिषेक की रविवार को कोरांव थानाक्षेत्र के घूघा गांव में शादी थी। बारात में शामिल होने के लिए अलग-अलग जगहों से आए दूल्हे के नौ दोस्त कीया और आईटेन कार से घूघा गांव जा रहे थे। रास्ते में रात लगभग 10 बजे बढ़वारी गांव स्थित बेलन नहर की पुलिया से दोनों कारें नहर में गिर गईं।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गाड़ियों में सवार सात युवकों को तो पानी से बाहर निकाल लिया लेकिन 19 वर्षीय अनीस सिंह और 30 वर्षीय प्रदीप कुशवाहा नहर में बह गए। मौके पर पहुंची कोरांव पुलिस एसडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से चार बजे भोर तक उनकी तलाश की। दोनों कारें तो रात में नहर से निकाल ली गईं लेकिन दोनों युवक नहीं मिले।
सुबह सात बजे दोबारा एसडीआरएफ के जवान, गोताखोर और पुलिस के जवान नहर में उतरे। दो घंटे बाद लगभग नौ बजे कोरांव थाने के दीवान अवधेश सिंह को पहले अनीस सिंह का और कुछ मिनटों बाद ही प्रदीप कुमार का शव मिला। पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनीस सिंह बलिया के फेफना का और प्रदीप कुशवाहा बांदा के अतर्रा का रहने वाला था। दोनों पड़िला फाफामऊ स्थित सीआरपीएफ कैंप के सरकारी आवास में रहते थे। दोनों अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे।




साइन इन