यूपी में मौसम का यूटर्न, लखनऊ-कानपुर समेत 17 जिलों में हल्की बारिश, 60 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने लखनऊ और कानपुर समेत 17 जिलों में ओलावृष्टि और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रयागराज, आगरा और अयोध्या सहित 40 से अधिक जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्सों के लिए 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी किया है। विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, लखनऊ, कानपुर और आसपास के 17 जिलों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में गर्मी से राहत
लखनऊ में बुधवार की दोपहर में मौसम अचानक बदल गया। बादलऔर धूलभरी आंधी से अंधेरा छा गया। तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इससे दोपहर में ही पारा कल के मुकाबले छह डिग्री तक गिरकर 37 पर पहुंच गया। इससे पहले तेज धूप निकली और लोग गर्मी से परेशान रहे। पिछले कई दिनों से गर्मी ने यहां के लोगों को परेशान कर रखा था। लखनऊ के साथ आसपास का मौसम भी बदलने लगा है।
इन जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट': ओले गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के मध्य भाग के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, अमेठी, फतेहपुर, उन्नाव, औरैया, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, शाहजहाँपुर और लखीमपुर खीरी में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं/आंधी चलने और ओलावृष्टि की संभावना है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ ओले गिर सकते हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी लेकिन खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
40 से अधिक जिलों में 'येलो अलर्ट': गरज-चमक के साथ बारिश
प्रदेश के एक बड़े हिस्से में हल्की बारिश और गरज-चमक का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इनमें पश्चिमी और मध्य यूपी के आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, एटा, कासगंज के साथ ही पूर्वी और तराई क्षेत्र के प्रयागराज, मिर्जापुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या, बस्ती, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बुंदेलखंड के चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, कौशाम्बी के साथ ही: बरेली, पीलीभीत, बदायूं, सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर।शामिल हैं।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है:
आकाशीय बिजली: गर्जना के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के खंभों से दूर रहें।
किसान भाई: ओलावृष्टि की चेतावनी को देखते हुए कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें।
यातायात: तेज आंधी के दौरान दृश्यता कम हो सकती है और पेड़ गिरने का खतरा रहता है, इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।




साइन इन