अब छह घंटे में मेरठ से प्रयागराज; पीएम मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई से 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इससे मेरठ और प्रयागराज के बीच का सफर अब सिर्फ 6 घंटे का रह जाएगा। यह एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिलों को जोड़ता है और इसमें वायुसेना के विमानों के लिए शाहजहांपुर में एयरस्ट्रिप भी बनाई गई है।

उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के इतिहास में बुधवार को नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई से देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक 'गंगा एक्सप्रेसवे' का भव्य उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के साथ ही मेरठ से प्रयागराज की दूरी, जो पहले 12 से 14 घंटे में तय होती थी, अब घटकर मात्र 6 घंटे रह गई है।
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से को पूर्वी छोर से जोड़ने वाली एक 'इकोनॉमिक लाइफलाइन' के रूप में उभरा है। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुदापुर दांडू गांव तक जाता है। यह एक्सप्रेसवे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसे भविष्य में 8 लेन तक विस्तारित किया जा सकता है।
यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा एक्सप्रेसवे
पीएम मोदी ने उद्घाटन के बाद कहा कि यहां से कुछ दूरी पर मां गंगा कृपा बरसाती हुईं गुजरती हैं। ऐसे में यह पूरा क्षेत्र ही तीर्थ से कम नहीं है। एक्सप्रेसवे का यह वरदान मां गंगा का ही आशीर्वाद है। अब आप कुछ ही घंटों में संगम में पहुंच सकते हैं और काशी में बाबा का दर्शन करके वापस आ सकते हैं। जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी और इस देश की जीवन रेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरता यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा।
हरिद्वार तक बढ़ेगा एक्सप्रेसवे
पीएम मोदी ने कहा कि दिसंबर 2021 में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन शाहजहांपुर से किया गया था। पांच साल में ही देश के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे में शुमार यह एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो गया है। आज हरदोई से इसका लोकार्पण भी हो रहा है। यही नहीं, इसके विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। जल्द ही गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे हरिद्वार तक पहुंचेगा। इसके और बेहतर उपयोग के लिए फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कर अन्य एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि अब कम समय में बड़े बाजारों तक पहुंचा जा सकेगा। इससे किसानों की आय बढ़ेगी। यह यूपी के एक छोर को दूसरे से जोड़ता ही है, एनसीआर को भी पास लाएगा। यह नए अवसर बनाएगा। इसके दोनों तरफ इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं। इससे नए उद्योग आएंगे। युवाओं के लिए नए अवसर भी स्थापित होंगे। हमारे युवा नई ओडीओपी जैसी योजनाओं से बेहतर करेंगे।
विकास का विजन और विरासत के दर्शन
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 4-5 दिनों में मां गंगा के सानिध्य में ही रहा हूं। 24 अप्रैल को मैं जब बंगाल में था मां गंगा के दर्शन किए थे और फिर कल मैं काशी में था आज सुबह बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा के दर्शन करने का सौभाग्य मिला और अब मां गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेस वे के लोकार्पण का अवसर मिला है। मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है। इसमें विकास का हमारा विजन भी झलकता है और हमारी विरासत के भी दर्शन होते हैं।
यूपी के पास असीम क्षमता
पीएम मोदी ने कहा कि पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता था, वही उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। यूपी के पास असीम क्षमता है, देश की इतनी बड़ी युवा आबादी का पोटेंशियल यूपी के पास है, इस ताकत का इस्तेमाल हम यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए कर रहे हैं।
सपा विकास और नारी विरोधी
पीएम मोदी ने कहा कि सपा विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है। बीते दिनों एक बार फिर देश ने कांग्रेस और सपा का नारी विरोधी चेहरा देखा है। केंद्र की एनडीए सरकार नारी शक्ति वंदन संशोधन लेकर आई थी, अगर यह संशोधन पास हो जाता तो 2029 के चुनाव से ही महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण मिलता। बड़ी संख्या में महिलाएं चुनकर लखनऊ और दिल्ली पहुंचतीं, वो भी किसी अन्य वर्ग की सीटें कम हुए बिना। लेकिन सपा ने इस संशोधन के खिलाफ वोट किया।
अब शिलान्यास भी होता है और उद्घाटन भी
पीएम मोदी ने कहा किअब वो दौर चला गया, जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था। एक बार घोषणा हो गई तो वर्षों तक फाइलें चलती थीं। चुनाव के लिए पत्थर लग जाते थे, उसके बाद सरकारें आती-जाती रहती थीं, लेकिन काम का कुछ अता-पता नहीं लगता था। कभी-कभी पुरानी फाइलें ढूंढ़ने के लिए बड़े-बड़े अफसरों को दो-दो साल तक मेहनत करनी पड़ती थी। डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और तय समय में लोकार्पण भी होकर रहता है।
6-7 दशक में जो नहीं हुआ वह बंगाल में हो रहा
पीएम मोदी ने कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है।
भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले, जब बिहार में चुनाव हुए तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज की थी, एक इतिहास रच दिया था। अभी कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायतें, नगर पंचायतें, तहसील पंचायत... इन सब के चुनाव के नतीजे आए हैं। 80 से 85 प्रतिशत नगरपालिका और पंचायत भाजपा ने जीत ली हैं। मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।
12 जिलों से जुड़ा
यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज समेत 12 जिलों से होकर गुजरता है। यात्रियों की सुविधा के लिए 9 जनसुविधा परिसर, 2 बड़े पुल (गंगा और रामगंगा नदी पर) और सुरक्षा के लिए उन्नत इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लगाया गया है।
औद्योगिक कॉरिडोर और रोजगार के अवसर
गंगा एक्सप्रेसवे के दोनों ओर औद्योगिक गलियारे (Industrial Corridors) विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि यह एक्सप्रेसवे खाद, रसद और एमएसएमई (MSME) सेक्टर के लिए वरदान साबित होगा। स्थानीय उत्पादों को अब सीधे बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा, जिससे पश्चिमी और पूर्वी यूपी के व्यापारियों को भारी लाभ मिलेगा।
इमरजेंसी एयरस्ट्रिप
शाहजहांपुर के पास एक्सप्रेसवे पर 3.5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी बनाई गई है, ताकि आपातकालीन स्थिति में वायुसेना के लड़ाकू विमान यहां लैंड कर सकें।




साइन इन