Villagers stripped and beat three youths publicly for commenting on a school girl स्कूली छात्रा पर कमेंट करना पड़ा भारी, ग्रामीणों ने निर्वस्त्र कर तीन युवक को सरेआम कूटा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

स्कूली छात्रा पर कमेंट करना पड़ा भारी, ग्रामीणों ने निर्वस्त्र कर तीन युवक को सरेआम कूटा

अलीगढ़ में घर लौट रही एक छात्रा पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर निर्वस्त्र कर दिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

Sun, 27 April 2025 08:15 PMPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share
स्कूली छात्रा पर कमेंट करना पड़ा भारी, ग्रामीणों ने निर्वस्त्र कर तीन युवक को सरेआम कूटा

यूपी के अलीगढ़ के दिल्ली-कानपुर हाईवे पर गांव चिकावटी के पास प्रैंक वीडियो बना रहे तीन युवकों ने एक छात्रा पर अश्लील कमेंट कर दिया। छात्रा के शोर मचाने पर राहगीरों ने तीनों युवकों को बीच रोड पर निर्वस्त्र करके बेरहमी से पीटा। उन्हें गिराकर जमकर लाठी-डंडे व पाइप बरसाए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें जातिगत आधार पर युवकों की पिटाई की अफवाह उड़ा दी गई। लेकिन, पुलिस ने इससे इनकार किया है। मामले में तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

लोधा क्षेत्र के एक गांव की किशोरी आठवीं की छात्रा है। शनिवार सुबह वह स्कूल के लिए गांव से निकली ही थी कि हाईवे पर प्रैंक वीडियो बना रहे तीन युवक किशोरी पर फब्तियां कसने लगे। किशोरी ने इसका विरोध किया। इस पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और वीडियो बना रहे तीनों युवकों को घेर लिया। इसके बाद उनकी जमकर पिटाई की गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवकों से पकड़कर निर्वस्त्र करके पीटते नजर आ रहे हैं। इसी बीच कुछ लोग उनका वीडियो भी बना रहे हैं। जानकारी पर पुलिस पहुंच गई और युवकों को बचाया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेटे की शादी से एक महीने पहले मां की संदिग्ध हालत में मौत, गले पर चोट के निशान
ये भी पढ़ें:17 साल के देवर को दिल दे बैठी 30 साल की भाभी, तीन बच्चों के साथ फरार हुए दोनों
ये भी पढ़ें:सौतन से चिढ़ी पहली बीवी ने रचा खूनी खेल, पति और बेटी संग मिलकर की हत्या

पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, जहां दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस ने तीनों युवकों का शांतिभंग में चालान कर दिया। इनके नाम नगला कलार निवासी छविकांत, राहुल व प्रदीप हैं। उधर, रविवार को वीडियो वायरल हो गया। इसमें कहा गया कि जातिगत आधार पर नारा लगाने पर एक समाज के लोगों ने युवकों की पिटाई कर दी। लेकिन, पुलिस की जांच में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। उधर, छात्रा के परिजनों ने भी कोई तहरीर नहीं दी। इसके चलते पुलिस की ओर से थाना लोधा में मुकदमा दर्ज कराया गया।

इस मामले में सीओ गभाना संजीव कुमार तोमर ने बताया कि चिकावटी के पास तीन युवकों द्वारा एक स्कूली छात्रा पर अश्लील कमेंट किए जा रहे थे। छात्रा के शोर मचाने पर राहगीरों ने तीनों की पिटाई कर दी। पुलिस की ओर से तीनों युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में कोई जातिगत मामला सामने नहीं आया है। युवकों की पिटाई के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।