varanasi traffic jam solution namo banaras kendra mandi shift modi kashi up news पीएम मोदी की काशी में जाम के झाम को खत्म करने की बड़ी पहल, साड़ी-दवा मंडी होगी स्थानांतरित, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पीएम मोदी की काशी में जाम के झाम को खत्म करने की बड़ी पहल, साड़ी-दवा मंडी होगी स्थानांतरित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम ने शहर के बीच स्थित दवा और साड़ी मंडी को कैंट मालगोदाम (नमो बनारस केंद्र) में स्थानांतरित करने की मंजूरी दे दी है। 145 करोड़ की लागत से बनने वाले इस छह मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में 844 दुकानें होंगी।

Tue, 14 April 2026 10:04 AMYogesh Yadav वाराणसी, प्रमुख संवाददाता
share
पीएम मोदी की काशी में जाम के झाम को खत्म करने की बड़ी पहल, साड़ी-दवा मंडी होगी स्थानांतरित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ट्रैफिक जाम की स्थिति को कम करने के लिए बड़ी पहल की गई है। शहर के बीचो-बीच स्थित दवा और साड़ी मंडी को बाहर करने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। वाराणसी रेलवे स्टेशन के पास कैंट मालगोदाम पर इन्हें स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए कैंट मालगोदाम नमो बनारस केंद्र के रूप में विकसित होगा। यहां दवा और साड़ी कारोबारियों को दुकानें आवंटित की जाएंगी। दोनों मंडियां काशी विश्वनाथ मंदिर से कुछ दूरी पर ही स्थित हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले कारोबारियों और पर्यटकों दोनों की भारी आवाजाही यहां रहती है और जाम की स्थिति बनी रहती है।

मंडियों को स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में सोमवार को मंजूरी दे दी गई। निगम मुख्यालय में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बैठक के दौरान कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। तय हुआ कि 48365.10 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 145 करोड़ रुपये से छह मंजिले कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। इसमें 844 दुकानें बनाई जाएंगी। ये दुकानें 155 वर्गफीट से 655 वर्गफीट तक की होंगी।

निगम आवंटियों से करीब 100 करोड़ रुपये शुल्क जुटाएगा जबकि 45.36 करोड़ रुपये राज्य वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान से खर्च किया जाएगा। महापौर ने कहा कि यह केंद्र न केवल पारंपरिक बुनकरों और व्यापारियों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि शहर के आर्थिक ढांचे को भी मजबूती प्रदान करेगा। कार्यकारिणी ने 83 अनुपयोगी वाहनों की नीलामी को भी हरी झंडी दे दी है। उप सभापति नरसिंह दास की अध्यक्षता वाली समिति की संस्तुति पर निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी ने चार साल पहले सीएसआर फंड से मिले 31 वाहनों की नीलामी पर रोक लगाई है। बैठक में नरसिंह दास, अमरदेव यादव, माधुरी सिंह, सुशीला देवी, राजकुमार चौधरी, प्रमोद राय, सुशील गुप्ता योगी, प्रवीण राय, अशोक मौर्या, मदन मोहन, हनुमान प्रसाद, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार, संगम लाल, विनोद कुमार गुप्ता मौजूद रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ के रास्ते दिल्ली, अयोध्या-काशी के लिए समर स्पेशल ट्रेनें, शेड्यूल जानें

यातायात संबंधी समस्याओं से निजात

नमो बनारस केंद्र में साड़ी और दवा व्यवसाय से जुड़ी दुकानें शिफ्ट होने से सामानों की आवाजाही आसान होगी। सप्तसागर मंडी तक दवा सप्लाई में ट्रांसपोर्टरों को दिक्कत होती है। वहीं यातायात प्रतिबंधों के कारण चौक क्षेत्र में साड़ी की दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच मुश्किल होती है। मंडी स्थानांतरित होने के बाद राहत होगी।

पीजी पर 1500 रुपये वार्षिक लाइसेंस शुल्क

नगर निगम ने होम स्टे, पीजी के लिए 1500 रुपये वार्षिक लाइसेंस शुल्क तय किया है। निगम सदन की अगली बैठक में इस पर मुहर लगाई जाएगी। इसके अलावा कार्यकारिणी ने मैदागिन स्थित पेट्रोल पंप के पट्टे का नवीनीकरण करते हुए 55 हजार रुपये मासिक किराया तय किया है।

टेंडर के बाद एक सप्ताह में अनुबंध का निर्देश

महापौर ने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद लंबे समय तक निर्माण कार्य शुरू न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि सड़कों, गलियों की मरम्मत लंबित रखने पर कार्रवाई होगी। कार्यकारिणी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को आदेश दिया कि टेंडर जारी होने के एक सप्ताह में ठेकेदार से अनुबंध की प्रक्रिया पूरी की जाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कैसा रहेगा इस बार मानसून? मौसम विभाग की किसानों के लिए चिंता वाली भविष्यवाणी

सलारपुर और पहड़िया में बनेंगे बिजली उपकेंद्र

सलारपुर और पहड़िया में नए बिजली उपकेंद्रों के निर्माण के लिए निगम कार्यकारिणी ने भूमि आवंटन को मंजूरी दी है। सदस्य हनुमान प्रसाद और राजकपूर चौधरी के प्रस्ताव पर क्रमश: आराजी संख्या 612 और आराजी संख्या 288/6 पर ये उपकेंद्र बनाने का रास्ता साफ हो गया है।

प्रवर्तन दल को और प्रभावी बनाया जाएगा

अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए प्रवर्तन दल को और प्रभावी बनाने का कार्यकारिणी ने निर्णय लिया है। आउटसोर्सिंग से 19 जवानों की नियुक्ति होगी। जिससे प्रवर्तन दल में जवानों की संख्या 21 से बढ़कर 40 हो जाएगी। साथ ही श्रमिकों की संख्या 25 से बढ़ाकर 40 करने का निर्णय लिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा बवाल का पाकिस्तान कनेक्शन, योगी के मंत्री बोले- जांच में जुटी एंजेसियां

ट्रॉमा सेंटर, कैंसर अस्पताल में मुफ्त वाई-फाई

नगर निगम दशाश्वमेध और अस्सी समेत प्रमुख घाटों पर मुफ्त वाई-फाई सुविधा के बाद दूसरे चरण में अन्य संस्थानों में यह सुविधाएं मुहैया कराएगा। इसके तहत ट्रॉमा सेंटर, बीएचयू अस्पताल और कैंसर अस्पताल परिसर को शामिल किया जाएगा। इससे तीमारदारों को सहूलियत होगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।