यूपी में महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना को लेकर बवाल, जमकर हुई पत्थरबाजी, तीन महिलाओं समेत आठ घायल
सहारनपुर में एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी लाठी-डंडे चले। संघर्ष में तीन महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए।

Saharanpur News: यूपी में महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना को लेकर बवाल हो गया। एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी व लाठी-डंडे चले। संघर्ष में तीन महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। गांव में अचानक भड़की हिंसा से भगदड़ मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लालवाला में करीब दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। शनिवार को विवाद उस समय भड़क गया, जब एक पक्ष उक्त जमीन पर महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापित करने पहुंच गया। दूसरे पक्ष ने जमीन को अपना बताते हुए विरोध कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव में पथराव हो गया। ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। हालात बिगड़ते देख सीओ अभितेष सिंह और कोतवाली प्रभारी रोजंत त्यागी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के उग्र होने पर बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा गया। इसके बाद जनपद के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। संघर्ष में घायल नीरज, सुलेंद्र कुमार, आकाश, योगेश, राजकुमार, सविता, कलावती और सिब्बो को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायल पक्ष के नीरज ने आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। मूर्ति स्थापना इसी साजिश का हिस्सा थी। उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई और लाठीचार्ज का भी आरोप लगाया। वहीं दूसरे पक्ष के रविंद्र राणा का कहना है कि उक्त जमीन उन्होंने काफी समय पहले खरीदी थी और विरोधी पक्ष बेवजह विवाद खड़ा कर रहा है। घटना की सूचना पर भीम आर्मी और बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता भी गांव पहुंच गए। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव पुलिस छावनी में तब्दील
घटना के बाद लालवाला गांव में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी की व्यवस्था कर गांव में निगरानी बढ़ा दी गई। संवेदनशील माहौल को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस मामले में एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया, जमीन के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। मामले में जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है।




साइन इन