UP Weather: यूपी में आज से बदलेगा मौसम, होगी बारिश; मार्च में छह दिन रहेगा विक्षोभों का असर
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 और 28 मार्च को आने वाले दोनों विक्षोभ अधिक सशक्त हैं। 27 मार्च को अन्य राज्यों के अतिरिक्त यूपी में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वेस्ट यूपी पर विक्षोभों का व्यापक असर पड़ेगा। 28 को छोड़ शेष 29 से 31 मार्च तक वेस्ट यूपी में यलो अलर्ट घोषित किया है।

UP Weather: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 31 मार्च तक गुरुवार और शनिवार को आने वाले दो नए पश्चिमी विक्षोभों से भारी बारिश की संभावना है। 26, 27 और 29 से 31 मार्च तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो सकती है। दोनों ही विक्षोभों के सशक्त होने की संभावना है। मार्च के बाद अप्रैल में भी पश्चिमी विक्षोभ जारी रहने वाले हैं।
विक्षोभ के कारण कानपुर में 20 मार्च को अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री गिरकर 22.4 डिग्री सेल्सियस हो गया था। इससे पहले 19 मार्च को दिन का पारा 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। 20 मार्च के बाद से लगातार दिन के तापमान में वृद्धि हो रही है। बुधवार को दिन का पारा 33.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रात का पारा बुधवार को 16 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। 22 मार्च को न्यूनतम पारा 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसके बाद से यह लगातार बढ़ रहा है। विक्षोभ के असर के कारण दिन का पारा आगे घट सकता है लेकिन रात का तापमान बादलों के कारण बढ़ेगा।
वेस्ट यूपी के लिए यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 और 28 मार्च को आने वाले दोनों विक्षोभ अधिक सशक्त हैं। इससे 27 मार्च को अन्य राज्यों के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर विक्षोभों का व्यापक असर पड़ेगा। 28 को छोड़ शेष 29 से 31 मार्च तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश का यलो अलर्ट घोषित किया है।
इसका दायरा बढ़ भी सकता है। मार्च माह में दर्जनभर से अधिक पश्चिमी विक्षोभ आए हैं। आगे अप्रैल में भी इनके आने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इनकी तीव्रता अब कम हो जाएगी और आवृत्ति भी कम होगी। पर अपवाद स्वरूप कुछ विक्षोभ अधिक सशक्त भी हो सकते हैं। इन दिनों अफगानिस्तान और पाकिस्तान की ओर से लगातार सशक्त विक्षोभ आ रहे हैं।
हवा की रफ्तार भी 10-12 किमी प्रति घंटा बनी हुई है। इसमें ठंडक भी है। रात में विशेषकर मौसम काफी अच्छा बना हुआ है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि फिलहाल 26 और 27 मार्च को कानपुर में बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। विक्षोभ सशक्त हैं।




साइन इन