UP weather Rain will continue with thunderstorms and lightning expected in more than 30 districts UP Rain: यूपी में बदली-बारिश का दौर जारी रहेगा, 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक और बिजली भी गिरेगी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Rain: यूपी में बदली-बारिश का दौर जारी रहेगा, 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक और बिजली भी गिरेगी

UP weather Rain: यूपी में गर्मी में बारिश ने राहत दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, बदली-बारिश का दौर जारी रहेगा। 30 से अधिक जिलों में गरज चमक के बीच वज्रपात के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

Wed, 1 Oct 2025 06:27 AMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
UP Rain: यूपी में बदली-बारिश का दौर जारी रहेगा, 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक और बिजली भी गिरेगी

यूपी में बारिश ने गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक दो दिन बदली-बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। 24 घंटों में बांदा, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, फिरोजाबाद और आसपास के 30 से अधिक जिलों में गरज चमक के बीच वज्रपात के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अरब सागर से लेकर दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक ट्रफ बना हुआ है। इसका यूपी के ऊपर बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से मेल हो रहा है। यह परिस्थिति पूरे प्रदेश में बारिश करा रही है। मंगलवार को पूर्वानुमान के विपरीत कानपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में सुबह से देर शाम तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश हुई। कानपुर में शाम 05:30 बजे तक 22.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। मंगलवार को कई जिलों में वज्रपात के रूप में कहर बरपाया। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और बारिश से संबंधित घटनाओं में कुल 17 लोगों की मौत हुई है, जबकि 6 बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

लखनऊ के कई इलाकों में तेज बारिश

लखनऊ में मंगलवार को कई इलाकों में छिटपुट तो सरोजनीनगर, चौक आदि इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम केन्द्र पर 13.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसके पूर्व दिन में बादल छाए थे लेकिन गर्मी रही। नतीजतन अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचा जो कि सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 27.7 दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हाईवे-एक्सप्रेसवे के टोल टैक्स में 5 से 50 रुपये की हुई कमी, यात्रियों को राहत

मेरठ में पांच साल का ट्रेंड अक्तूबर की हवा अच्छी नहीं

मानसून की विदाई और पोस्ट मानसून सीजन की शुरुआत के साथ मेरठ में हवा की चिंता सताने लगी है। हवा की धीमी गति, तापमान में बदलाव से प्रदूषकों का असर बढ़ने की आशंका है। मेरठ में पांच वर्षों में अक्तूबर की हवा का ट्रेंड अच्छी हवा का नहीं है। 2020 से 2024 तक के रिकॉर्ड के पांच वर्षों मे चार साल में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। 2024 में यह खराब श्रेणी में रिकॉर्ड हुई। प्रदूषकों को नियंत्रित करने को कार्रवाई शुरू कर दी है। मेरठ सहित वेस्ट यूपी का मौसम बदल गया। दोपहर में बादल छाए और शाम तक रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। मेरठ के तापमान में 5.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई और यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विभाग के अनुसार सात अक्तूबर तक मेरठ सहित वेस्ट यूपी में बादल एवं हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। दो से चार अक्तूबर के बीच कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।