UP Weather: सुबह-सुबह शुरू हो गई बारिश, मोंथा ने बदला यूपी का मौसम; छह डिग्री गिरा पारा
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ और आसपास के जिलों में आज भी बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है। बुधवार को आसमान आमतौर पर साफ रहने की उम्मीद है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान के तट से टकराने के बाद फिर परिस्थितियां बदल सकती हैं।

UP Weather: जिस वक्त छठ व्रती महिलाएं उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य दे रही थीं ठीक उसी समय उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश शुरू हो गई। बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान ‘मोंथा’ और अरब सागर में बने हवा के अवदाब का असर यूपी तक देखने को मिल रहा है। कल सुबह से बदली थी और दोपहर में बूंदाबांदी शुरू हुई थी। लखनऊ में रात तक रुक-रुक कर कई इलाकों में बूंदाबादी जारी रही। इसके चलते लखनऊ में दिन के तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। रात के तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट आई। वहीं मंगलवार को सुबह-सुबह यूपी के कई जिलों में बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ और आसपास के जिलों में मंगलवार को भी बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद बुधवार को आसमान आमतौर पर साफ रहने की उम्मीद है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान के तट से टकराने के बाद फिर परिस्थितियां बदल सकती हैं। यदि तूफान का रुख पश्चिम की ओर रहा तो लखनऊ में भी अच्छी बारिश हो सकती है।
लखनऊ में मौसम, सोमवार की सुबह से ही खुशनुमा था। करीब 11 बजे दिन में गोमती नगर, इन्दिरा नगर समेत कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हुई जो कुछ देर तक चली। इसके बाद दिन में दो बजे के बाद फिर यह सिलसिला शुरू हुआ जो कभी हल्का तो कभी तेज रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार इसके पूर्व वर्ष 2014 की 14 अक्तूबर को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा 2015 में 28 अक्तूबर को अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार पूर्व-मध्य अरब सागर पर स्थित अवदाब से दक्षिणी गुजरात होते हुए पश्चिमी मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन बन गई है। इसके प्रभाव से निचले क्षोभमंडल में अरब सागर से आ रही नमी एवं मध्य क्षोभ मंडल में पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से बादल छा गए। प्रदेश के अधिसंख्य जिलों में इस वजह से दिन के तापमान में गिरावट आई है।




साइन इन