UP Weather: Lucknow Colder Than Shimla, Visibility Drops to Zero; Know AQI of These Cities UP Weather: शिमला से ज्यादा सर्द लखनऊ, दृश्यता शून्य पर पहुंची; जानें इन शहरों का AQI, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: शिमला से ज्यादा सर्द लखनऊ, दृश्यता शून्य पर पहुंची; जानें इन शहरों का AQI

UP Weather: यूपी में ठंड का कहर शुरू हो गया है। सर्दी के मामले में लखनऊ ने पहाड़ों की रानी शमिला को भी पीछे छोड़ दिया। प्रदेश के नौ जिलों में पारा 10 के नीचे आ गया है। लखनऊ का एक्यूआई 171 दर्ज किया गया है।

Wed, 17 Dec 2025 10:53 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
UP Weather: शिमला से ज्यादा सर्द लखनऊ, दृश्यता शून्य पर पहुंची; जानें इन शहरों का AQI

सर्दी के मामले में लखनऊ ने पहाड़ों की रानी शमिला को भी पीछे छोड़ दिया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही शिमला (शहर) से कम रहा। आईएमडी के अनुसार बुधवार को शमिला का अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, लखनऊ का अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 10 डिग्री दर्ज किया गया। नतीजतन गलन ने पूरे शहर को ठिठुरा दिया। कम दृश्ता की वजह से इकाना स्टेडियम में खेल जाने वाला टी 20 मैच भी रद्द कर दिया गया। वहीं यूपी में लखनऊ का एक्यूआई 171, आगरा का 132, बागपत का 336, गाजियाबाद का 308, बरेली का 108, गोरखपुर का 104, कानपुर 137, वाराणसी 127 दर्ज किया गया। वहीं झांसी का एक्यूआई 66 रहा जो बेहतर है।

देश के पश्चिम और मध्य हिस्से के ऊपर प्रति चक्रवाती स्थिति और ऊष्णकटिबंधीय क्षेत्रों से आ रही जेट स्ट्रीम के प्रभाव से सर्दी बढ़ गई है। यूपी के नौ जिलों में रात का पारा 10 डिग्री के नीचे लुढ़क गया। कानपुर शहर में तापमान सबसे कम रहा। वहीं, बरेली में दिन का तापमान पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा।

अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार मध्य समुद्र तल के ऊपर 1.5 से लेकर 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैले प्रति चक्रवात के कारण निचले वायुमंडल में हवा की गति बेहद कम हो गई है। वहीं 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित उष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम में हवा की रफ्तार करीब 185 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। इन परिस्थितियों के कारण कोहरे की परत दिन के अधिकांश समय तक बनी रही। इसका सीधा असर तापमान पर भी पड़ा है। प्रदेश के कई हिस्सों में सूरज के दर्शन नहीं हुए, जिसके कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान कानपुर शहर में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इटावा में 7.0, बुलंदशहर में 8.0, लखीमपुर खीरी में 8.2, बाराबंकी में 8.5, हरदोई में 8.5, प्रयागराज में 9.0, अलीगढ़ में 9.4 और फुर्सतगंज में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। इसके अलावा कानपुर वायुसेना केंद्र में 9.6, बरेली में 9.7 और मुरादाबाद, आगरा तथा चुर्क में न्यूनतम पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिन में भी कड़ाके की सर्दी

कोहरे के कारण प्रदेश के कई जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है। बरेली आज सीजन का सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री कम होकर मात्र 13.4 पर सिमट गया। वहीं शाहजहांपुर में 13.8 और मुजफ्फरनगर में 15.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में ठंड के चलते इस जिले में स्कूल 20 तक बंद, लखनऊ-बाराबंकी में समय बदला
ये भी पढ़ें:कोहरे- ठंड को लेकर योगी के सख्त निर्देश, अलर्ट रहें अधिकारी; गाइडलाइन भी जारी

शून्य रही दृश्यता और घने कोहरे का असर

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अत्यंत घना कोहरा छाया रहा। लखनऊ, बरेली, शाहजहांपुर, गोरखपुर, कुशीनगर, कानपुर और बहराइच जैसे शहरों में दृश्यता शून्य से लेकर 50 मीटर तक दर्ज की गई। हरदोई, फतेहगढ़ और बलिया में भी दृश्यता मात्र 30 से 40 मीटर रही। मध्य उत्तर प्रदेश के जिलों सुलतानपुर, बाराबंकी और अयोध्या में भी मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।