UP Weather: यूपी में कुदरत का कहर, 100 किमी की रफ्तार से आई आंधी और तूफान से 142 की मौत
यूपी में बेमौसम आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं, वज्रपात और ओलावृष्टि के चलते बीते 48 घंटों में 142 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा असर पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल में देखने को मिला है।

UP Weather: यूपी में बुधवार देर रात आई आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। वायुमंडल के निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती स्थिति के साथ ही दक्षिण राजस्थान से आ रही पुरवा हवा की मदद से प्रदेश में 100 किमी की रफ्तार से आंधी चली। नतीजन बीते 48 घंटों में 142 से अधिक लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग की मानें तो आज कुछ और जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। वहीं, कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
13 मई को आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि प्रदेश के सैकड़ों पेड़, खंभे और साइन बोर्ड उखड़ गए। जिससे यातायात और बिजली आपूर्ति कई जिलों में ठप हो गई। सबसे ज्यादा तबाही पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल में देखने को मिली। जहां आंधी-बारिश में कई लोगों की जान चली गई। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुई जानमाल की हानि और क्षति का संज्ञान लिया तथा अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का निर्देश दिया। राहत आयुक्त कार्यालय ने गुरुवार शाम जारी एक बयान में कहा, खराब मौसम, तूफान, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने के कारण 26 जिलों से सैकड़ों लोगों की मौत की खबरें मिलीं। सरकार ने सभी संभागीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को घटनाओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सत्यापित करने और प्रभावित परिवारों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
राहत आयुक्त कार्यालय ने कहा कि वह जिला अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है और जिलों को आवश्यक धन उपलब्ध कराया जा रहा है। आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए और बीमा कंपनियों के साथ-साथ राजस्व और कृषि विभाग को नुकसान का सर्वेक्षण करने और सरकार को रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया। साथ ही सीएम में अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, नुकसान का सर्वे कराने तथा राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों के माध्यम से शीघ्र आकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
आज भी खराब रह सकता है मौसम
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात के साथ झोंकेदार हवा (गति 40 से 50 झोकों से बढ़कर 60 किमी/घंटा) की संभावना है। वहीं दक्षिणी क्षेत्र में दिन के समय कहीं-कहीं उष्ण लहर चलने की संभावना है। वहीं, ललितपुर , झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट और कौशांबी में यलो अलर्ट है।




साइन इन