up weargher update yellow alert for thunderstorms rain for 22 districts weather to change again from sunday UP Weather: तपते यूपी के 22 जिलों के लिए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, कल से फिर बदलेगा मौसम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: तपते यूपी के 22 जिलों के लिए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, कल से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ के साथ हरियाणा और मध्य यूपी के ऊपर चक्रवाती हवा की स्थिति बनी हुई है। एक लम्बी ट्रफ लाइन भी बन गई है। अमौसी मौसम मुख्यालय के अनुसार इसका असर शनिवार तक जारी रह सकता है। इसके बाद तपिश फिर बढ़ना शुरू होगी।

Sat, 6 June 2026 12:51 PMAjay Singh मुख्य संवाददाता, लखनऊ
share
UP Weather: तपते यूपी के 22 जिलों के लिए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, कल से फिर बदलेगा मौसम

UP Weather : उत्तर प्रदेश के तमाम जिले इस समय तेज धूप और गर्मी से तप रहे हैं। प्रदेश के आठ जिलों में हीट इंडेक्स 50 डिग्री तक दर्ज किया गया है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में शनिवार को भी आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहने का यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। शुक्रवार को गोरखपुर में 3.4 और आजमगढ़ में 8.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। साथ ही कानपुर और हमीरपुर में कुछ जगह हल्की बौछार या बूंदाबांदी दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ के साथ हरियाणा और मध्य यूपी के ऊपर चक्रवाती हवा की स्थिति बनी हुई है। इस स्थिति के बीच एक लम्बी ट्रफ लाइन भी बन गई है। अमौसी मौसम मुख्यालय के अनुसार इसका असर शनिवार तक जारी रह सकता है। इसके बाद तपिश फिर बढ़ना शुरू होगी।

लखनऊ में शुक्रवार तड़के धूलभरी आंधी के साथ हुई बारिश ने सुबह का मौसम सुहाना कर दिया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। ऐसे में लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे गिरकर 38.8° डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम आर्द्रता 72% तक पहुंचने के कारण दिन चढ़ने के बाद लोगों को चिपचिपी उमस का सामना करना पड़ा। फतेहपुर में 41.6, लखीमपुर खीरी में 41.0, प्रयागराज व वाराणसी में 40.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP: मासूमों को दही पसंद थी, पिता ने उसी में मिला दिया जहर; बेटा-बेटी को मार डाला

वज्रपात की संभावना

सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर एवं आस पास के क्षेत्र।

इन शहरों में गिरा तापमान

बदले मौसम की वजह से इटावा के अधिकतम तापमान में 5.9 डिग्री की गिरावट रही। यहां अधिकतम तापमान 36.0 दर्ज किया गया। इसके अलावा अलीगढ़ में 3.9, हमीरपुर में 3.8 और बांदा में 3.5 डिग्री तापमान की गिरावट रही।

कानपुर में उमस चरम पर पहुंची

नए पश्चिमी विक्षोभ की उथल पुथल उत्तर प्रदेश के कानपुर समेत कुछ जिलों पर भारी पड़ी है। शेष में आंधी-पानी से कुछ राहत मिली, लेकिन कानपुर में उमस अपने चरम पर पहुंच गई। नए पश्चिमी विक्षोभ से शुक्रवार और शनिवार को पूरे उत्तर प्रदेश में ऑरेंज से यलो अलर्ट दिया गया था। शुक्रवार को तापमान 40.1 से घटकर 39.3 डिग्री हो गया। रात का पारा 26 से 27 डिग्री पर आ गया। हवा की रफ्तार जितनी अपेक्षित थी उससे कम रही। कानपुर में 20 किमी प्रति घंटा तक की अधिकतम गति रही। सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। छिटपुट बारिश हो सकती है।

मौसम की मिलेगी सटीक जानकारी

त्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम की सटीक जानकारी, पूर्वानुमान का रास्ता तैयार हो गया है। खासतौर पर आंधी-बारिश के बीच फंसे पर्यटकों और पश्चिमी विक्षोभों, चक्रवाती परिस्थितियों के बीच किसानों के लिए समय पर चेतावनी का मजबूत तंत्र विकसित होगा। उत्तराखंड के 13 जिलों के मौसम की जानकारी के लिए उसे लखनऊ से जोड़ा जा रहा है। अभी तक उत्तराखंड नई दिल्ली स्थित आईएमडी के अधीन था। अब इंडो-गैंगेटिक प्लेन (सिंधु-गंगा के मैदान) के लिहाज से एक बड़े भूभाग के मौसम का अध्ययन विकसित हो सकेगा। मुख्यमंत्री सोमवार को आईजीपी में इसकी घोषणा करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP: प्राइमरी शिक्षकों के दूसरे जिले में तबादला प्रक्रिया शुरू, ये बाध्यता नहीं
ये भी पढ़ें:UP में इबोला वॉयरल से प्रभावित देशों से आए यात्रियों की निगरानी, 95 की लिस्ट बनी
ये भी पढ़ें:UP: मासूमों को दही पसंद थी, पिता ने उसी में मिला दिया जहर; बेटा-बेटी को मार डाला

इसमें केंद्रीय मंत्रियों के भी आने की सूचना है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का एक बहुत बड़ा हिस्सा इंडो-गैंगेटिक प्लेन (सिंधु-गंगा के मैदान) में आता है। मौसम के लिहाज से इस पूरे क्षेत्र की अपनी कुछ खास और एक जैसी विशेषताएं हैं। सर्दियों में घना कोहरा, गर्मियों में लू, मानसून के दौरान बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं और उसके पहले पश्चिमी विक्षोभ इनमें शामिल हैं। उत्तराखंड के जुड़ जाने के बाद माइक्रो स्तर पर सटीक पूर्वानुमान किया जा सकेगा। इससे किसानों को सही समय सटीक सूचना मिलेगी।

आपदा प्रबंधन में आसानी होगी

उत्तराखंड एक आपदा-संवेदनशील राज्य है। लखनऊ और देहरादून के बीच की प्रशासनिक समन्वय दिल्ली की तुलना में अधिक त्वरित हो सकती है, जिससे बाढ़, भूस्खलन और भारी बर्फबारी जैसी स्थितियों में राहत और बचाव कार्यों के लिए वार्निंग सिस्टम ज्यादा प्रभावी ढंग से काम करेगा। साथ ही यूपी से हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा और उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर जाते हैं। लखनऊ केंद्र से बुलेटिन में यूपी के यात्रियों को उत्तराखंड के मौसम का लाइव मिलेगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।