अपनी ही पार्टी के सांसद पर खूब बरसीं मंत्री प्रतिभा शुक्ला, बोलीं-ब्राह्मणों को लड़ा रहे देवेंद्र सिंह भोले
यूपी में अपनी ही पार्टी के सांसद पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला खूब बरसीं। सांसद देवेंद्र सिंह भोले पर जमकर निशाना साधा। राज्यमंत्री प्रतिभा ने कहा कि वह क्षेत्र के ब्राह्मणों को लड़ाकर अपना उल्लू सीधा करते रहते हैं।

उत्तर प्रदेश महिला बाल विकास राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला बुधवार को उन्नाव में एक कार्यक्रम में अपनी ही पार्टी के सांसद देवेंद्र सिंह भोले पर खूब बरसीं। उन्होंने कहा कि देवेंद्र सिंह भोले ब्राह्मणों को लड़ा रहे हैं। सांसद भोले पर निशाना साधते हुए मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि वह बैठते तो दिल्ली में हैं लेकिन बीच-बीच में क्षेत्र के ब्राह्मणों को लड़ाकर अपना उल्लू सीधा करते रहते हैं। हाल में ही कानपुर देहात में हुए राजनीतिक घटनाक्रम में भी उन्होंने यह काम बखूबी किया है।
उन्नाव में निराला प्रेक्षागृह में बुधवार को सदर विधायक पंकज गुप्ता द्वारा आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव में पहुंचीं प्रतिभा शुक्ला ने कानपुर देहात में चल रहे राजनीति विवाद पर कहा कि सांसद भोले इस समय ब्राह्मणों को लड़ाने का काम कर रहे हैं। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ब्राह्मणों की रक्षा के लिए जो भी लड़ाई होगी लड़ी जाएगी। कानपुर देहात के पूर्व जिला अध्यक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनकी खुद की कोई पहचान नहीं है। अफसरों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के अपमान के सवाल पर राज्यमंत्री ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को निराश होने की जरूरत नहीं है। कार्यकर्ता दौड़-दौड़ कर पार्टी का काम करता है, लेकिन उसकी कभी नहीं सुनी जाती है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जगहों के नाम बदलने का फैसला सही है। शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुर और अकबरपुर का नाम बदलकर अटल नगर करने की कवायद पर कहा कि इसमें किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। हम सब इसका समर्थन करते हैं।




साइन इन