up smart meter testing conducted by unlicensed lab regulatory commission issues notice to madhyanchal md यूपी : बिना लाइसेंस वाली लैब से स्मार्ट मीटर की जांच? नियामक आयोग ने MD मध्यांचल को दिया नोटिस, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी : बिना लाइसेंस वाली लैब से स्मार्ट मीटर की जांच? नियामक आयोग ने MD मध्यांचल को दिया नोटिस

स्मार्ट मीटर की शिकायतों की जांच के लिए सीएम योगी के निर्देश पर पावर कॉरपोरेशन ने 4 सदस्यीय जांच समिति बनाई थी। मीटरों की जांच मध्यांचल की हाईटेक लैब में हुई। मीटरों की गुणवत्ता पर अंतरिम रिपोर्ट भी सरकार को दे दी गई। सवाल उठे कि यह लैब तो स्मार्ट मीटर की जांच करने के लिए अधिकृत ही नहीं है।

Sat, 23 May 2026 10:25 AMAjay Singh विशेष संवाददाता, लखनऊ
share
यूपी : बिना लाइसेंस वाली लैब से स्मार्ट मीटर की जांच? नियामक आयोग ने MD मध्यांचल को दिया नोटिस

UP News : स्मार्ट मीटर की जांच मामले में नियामक आयोग ने मध्यांचल एमडी को नोटिस जारी करके दस दिनों में जवाब मांगा है। यह नोटिस नियामक आयोग में दर्ज शिकायत पर जारी किया गया है, जिसमें कहा गया था कि मध्यांचल की हाईटेक लैब के पास स्मार्ट मीटर जांचने का लाइसेंस नहीं है। आयोग ने इस पर मध्यांचल से स्पष्टीकरण मांगा है।

स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता को लेकर आ रहीं शिकायतों की जांच के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पावर कॉरपोरेशन ने चार सदस्यीय जांच समिति बनाई थी। मीटरों की जांच मध्यांचल की हाईटेक लैब में हुई और मीटरों की गुणवत्ता पर अंतरिम रिपोर्ट भी सरकार को दे दी गई। इसके बाद सवाल उठे कि यह लैब तो स्मार्ट मीटर की जांच करने के लिए अधिकृत ही नहीं है। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने इस पर नियामक आयोग में शिकायत की कि लैब के पास एनएबीएल द्वारा इंडियन स्टैंडर्ड 16444 (स्मार्ट मीटर) की जांच का लाइसेंस नहीं है। ऐसे में गंभीर सवाल है कि स्मार्ट मीटर की जांच कैसे की गई? उपभोक्ता परिषद ने कहा कि सभी मीटरों में एक समान पैरामीटर तो लैब में जांचे जा सकते हैं, लेकिन स्मार्ट मीटर के संवेदनशील पैरामीटर की जांच नहीं हो सकती।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट मीटर वालों के लिए खुशखबरी, इसी महीने से वापस होंगे 3200 से ज्यादा रुपए

स्मार्ट मीटर पर लगातार घेर रहा विपक्ष

बता दें कि स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों पर उत्तर प्रदेश में विपक्ष भी लगातार सरकार को घेर रहा है। खासतौर से समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव इस पर सवाल उठा रहे हैं। प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को समाजवादी पार्टी पार्टी लोहिया वाहिनी के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की। सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मो.आजम खान की अगुवाई में अन्य फ्रंटल संगठनों के कई कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राशन कार्ड नहीं बन पा रहा; दिव्यांग की बात सुनकर ADM ने अधिकारियों को लगाई फटकार
ये भी पढ़ें:पांचवें-छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, DA पर योगी सरकार का ऐलान
ये भी पढ़ें:रेलवे कर्मियों की बल्ले-बल्ले, 155 ट्रेनों के रनिंग स्टाफ को मिलेगा स्पेशल भत्ता

पोस्टपेड किए गए स्मार्ट मीटर

वहीं सरकार के आदेश के बाद अब प्रदेश में प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्ट पेड किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अलीगढ़ में बिजली विभाग ने सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मोड में अपडेट कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह हर महीने बिजली का बिल मिलेगा और उसी आधार पर भुगतान करना होगा। जून के शुरुआती हफ्ते में स्मार्ट पोस्टपेड मीटर का पहला मासिक बिल जारी किया जाएगा जिसमें बिजली उपयोग का विवरण भी होगा। बिजली विभाग की ओर से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक शिविर लगाकर उपभोक्ताओं को नई व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।