up rain heavy rain alert for next 4 days clouds will rain from agra meerut lucknow prayagraj varanasi kanpur gorakhpur UP Rain: यूपी में अगले 4 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट, आगरा से गोरखपुर तक बरसेंगे मेघ, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Rain: यूपी में अगले 4 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट, आगरा से गोरखपुर तक बरसेंगे मेघ

अब तक बारिश के आंकड़ों में कमजोर रहे पूर्वी यूपी में चार दिन यानी मंगलवार से लेकर 18 जुलाई तक यलो अलर्ट घोषित किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का क्रम जारी रहेगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

Tue, 15 July 2025 06:42 AMAjay Singh संवाददाता, लखनऊ/कानपुर/मेरठ/वाराणसी/प्रयागराज/आगरा/गोरखपुर
share
UP Rain: यूपी में अगले 4 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट, आगरा से गोरखपुर तक बरसेंगे मेघ

यूपी की राजधानी लखनऊ में हल्की बौछार और छिटपुट बारिश का सिलसिला मंगलवार और बुधवार की दोपहर बाद तक चलेगा। सोमवार रात भी बारिश हुई वहीं एक झोंका मंगलवार सुबह के बीच भी आने का पूर्वानुमान है। इसके बाद मानसूनी अवदाब की परिस्थिति लखनऊ में ज्यादा बारिश कराएगी। ऐसी परिस्थितियां बीते वर्षों में बन चुकी हैं। वहीं, अब तक बारिश के आंकड़ों में कमजोर रहे पूर्वी यूपी में चार दिन यानी मंगलवार से लेकर 18 जुलाई तक यलो अलर्ट घोषित किया गया है। पश्चिमी यूपी में भी बारिश का क्रम जारी रहेगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश बनी रहेगी। 16 से अच्छी बारिश की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन यानी मुख्य धारा मूल स्थिति से खिसकी हुई है। इस वजह से लखनऊ और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है। वहीं, दिन में छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी का संकेत है। मानसूनी अवदाब लखनऊ में 16 जुलाई को पहुंचने का पूर्वानुमान है। इससे बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। साथ ही दायरा बड़ा होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्कूलों के मर्जर को सीएम योगी ने बताया दूरगामी दृष्टिकोण, अखिलेश ने किया ये वार

कानपुर में एक घंटे में 30 मिमी बारिश

वहीं कानपुर में सावन के पहले सोमवार को दिन में उमस भरी गर्मी के बाद शाम को झमाझम बारिश हुई। एक घंटे में करीब 30 मिमी वर्षा ने राहत दिला दी। मानसून प्रदेश के कई जिलों में अचानक मेहरबान हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रीय स्थिति बन जाने से अचानक प्रदेश के दक्षिणी समेत पश्चिमी और पूर्वी जिलों में भी बारिश हुई।

प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अब मानसून मेहरबान रहेगा। सोमवार को प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र में कानपुर समेत आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शहर के ज्यादातर इलाकों में मानसून झूमकर बरसा। कल्याणपुर से लेकर बर्रा तक बारिश हुई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। सावन के पहले दिन तो अच्छी बारिश हुई लेकिन इसके बाद से कानपुर में बादल रूठ गए थे। मंगलवार से बारिश की फिर से संभावना जताई गई है। वहीं,अधिकतम पारा 33.3 डिग्री से घटकर 32.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। रात का पारा 25.6 से 25.4 डिग्री रहा। मानसून की शिफ्टिंग से यूपी पर मामूली असर पड़ा है। राजस्थान में बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। अभी तक पूर्वी यूपी में सामान्य से 15 फीसदी कम बारिश हुई है जबकि पश्चिमी यूपी में सामान्य से 49 फीसदी अधिक वर्षा हुई है। कानपुर में सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है।

आगरा में तीन दिन हल्की तो 18 से फिर भारी बारिश के संकेत

ताजनगरी में मंगलवार से बादल सुस्त हो सकते हैं। अगले तीन दिनों तक बूंदाबांदी या फुहारें पड़ सकती हैं। अच्छी बारिश की उम्मीद कम है। 18 जुलाई को भारी बारिश के संकेत दिए गए हैं। इस बीच तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। सोमवार को मौसम सामान्य रहा। दिन में कई बार अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग समय पर बौछारें देखी गईं। कुछ स्थानों पर रिमझिम बारिश भी हुई। लेकिन इनका समय पांच से 10 मिनट के बीच ही रहा। इसलिए मौसम खुशगवार बना रहा। साथ में चली तेज हवाओं ने भी राहत दी है। मगर तापमान पर खास फर्क नहीं पड़ा है। अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम होकर 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 89 रहा है। मौसम विभाग ने बीते 24 घंटों में महज 2.0 एमएम बारिश दर्ज की है।

प्रयागराज में तीन दिन भारी बारिश के आसार

सावन की शुरुआत बारिश से हुई जो लगातार जारी है। रिमझिम और तेज बारिश से दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। सोमवार को सुबह से आसमान में बादल और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। दिन में तेज धूप निकली, लेकिन ज्यादा देर तक नहीं रही। दोपहर होते-होते काले बादलों ने डेरा जमा लिया और शाम लगभग चार बजे तेज हवाओें के साथ बरसना शुरू कर दिया। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.2 रिकॉर्ड किया गया। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस था। यानी 24 घंटे में 1.2 डिग्री सेल्सियस तापमान कम हो गया। मौसम विभाग के अनुसार 15 और 18 जुलाई को गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जबकि 16,17 और 19 जुलाई को भारी बारिश होने के आसार हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में मौसम बना आफत, आकाशीय बिजली-डूबने और सांप काटने से 14 की मौत

मेरठ में 16 से 20 तक मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी

वहीं मौसम विभाग ने मेरठ सहित वेस्ट यूपी में 16 से 20 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है।

वाराणसी में 72 घंटे में महीने का 50% कोटा पूरा

वाराणसी में बीते 72 घंटों में हुई बारिश ने जुलाई का 50% कोटा पूरा कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आगे भी बारिश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। बुधवार, गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में जुलाई में औसतन 293.7 एमएम बारिश होती है। बीते 72 घंटों में राजघाट (सीडब्लयूसी) के अनुसार 114.6, बाबतपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 93.1 और बीएचयू के मौसम विभाग के अनुसार 110.8 एमएम बारिश हुई है। राजघाट के अनुसार करीब 50 फीसदी बारिश हो चुकी है। बाबतपुर मौसम वैज्ञानिक मनीष राय ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश पर स्थित निम्न-दाब से मानसून मजबूत हो रहा है।

गोरखपुर में 4 दिन झमाझम बारिश के आसार

जुलाई के पहले पखवाड़े के खत्म होने के साथ मानसून आखिरकार सक्रिय हो गया। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी यूपी में मानसूनी बादल सक्रिय हुए हैं। गोरखपुर में सोमवार को सुबह आसमान अपेक्षाकृत साफ रहा। बादल नदारद रहे। चटख धूप हुई। दोपहर दो बजे के बाद बादल आसमान में उमड़ने लगे। काले घने बादल छा गए। फिर रुक-रुक कर शुरू हुई रिमझिम फुहारें घंटे भर बाद बारिश में तब्दील हो गई। जिले के पूरब-दक्षिण की तरफ से आए बादलों के कारण झमाझम बारिश हुई है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन का तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब नीचे चला गया है।

चार दिन तक रुक-रुक कर हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से लेकर शुक्रवार तक पूर्वी यूपी में कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होगी। बताया जा रहा है कि अगले 72 घंटे में माध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।