यूपी में स्कूलों के मर्जर को सीएम योगी ने बताया दूरगामी दृष्टिकोण, अखिलेश यादव ने किया ये वार
यूपी में स्कूलों के मर्जर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह छात्रों-अभिभावकों और शिक्षकों तीनों के हित में है। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर शिक्षा को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूलोंं को बंद करने से बच्चों का भविष्य तबाह होगा।

यूपी में स्कूलों के विलय (Merger) को लेकर शिक्षकों-अभिभावकों के बीच उहापोह की स्थिति बनी हुई है। मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। विपक्षी दल इस पर माहौल बनाने में जुटे हैं इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर सरकार का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने स्कूलों की विलय व्यवस्था को दूरगामी और व्यापक दृष्टिकोण की जरूरत बताया है। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया है कि जिन विद्यालयों में 50 से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं, उन्हें स्वतंत्र रूप में संचालित किया जाए, जिससे प्रशासनिक सुविधा, जवाबदेही और शैक्षणिक निगरानी और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सके। उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्कूलों के विलय के फैसले पर वार करते हुए कहा है कि प्राथमिक स्कूलों को बंद करने का फैसला बच्चों के भविष्य को तबाह करने वाला है।
मुख्यमंत्री ने छात्रों के अभिभावकों को 1200 रुपये की सहायता शीघ्र खाते में भेजने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाए। मुख्यमंत्री ने सोमवार को बेसिक शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 से 14 वर्ष की आयु का एक भी बच्चा विद्यालय से वंचित नहीं रहना चाहिए, विद्यालय प्रबन्ध समिति इसे सुनिश्चित कराए।
शिक्षकों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जरूरत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रिक्तियों के सापेक्ष अधियाचन तत्काल भेज नियुक्ति प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालयों की विलय की प्रणाली छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों तीनों के हित में है। विलय से खाली विद्यालय भवनों को लेकर निर्देश दिया कि वहां बाल वाटिकाएं/प्री-प्राइमरी स्कूल संचालित की जाएं। इन भवनों में आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थानांतरित किया जाए।
अखिलेश बोले-बच्चों का भविष्य तबाह होगा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। सरकार का 10 हजार से ज्यादा प्राथमिक स्कूलों को बंद करने का फैसला बच्चों के भविष्य को तबाह करने वाला है। भाजपा अपने प्रचार पर अरबों रुपया खर्च करती है लेकिन भाजपा सरकार के पास स्कूलों के लिए पैसा नहीं है।
अखिलेश ने सोमवार को कहा कि स्कूल को बंद करना भाजपा की साजिश का हिस्सा है। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते है। भाजपा सरकार स्कूल बंद कर गरीबों को शिक्षा से वंचित करना चाहती है। भाजपा के एजेंडे में कभी भी शिक्षा, नौकरी, रोजगार नहीं रहा है। इसका सीधा असर बालिकाओं की शिक्षा पर पड़ेगा।




साइन इन