16 हजार कैमरों की नजर में कल होगी यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा, 2 घंटे पहले पहुंचना होगा
यूपी में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा सभी जिलों में शनिवार व रविवार को दो-दो पालियों में होगी। साकुशल संपन्न कराने के लिए 16 हजार सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी।

UP News : यूपी में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए कोषागार से लेकर केंद्रों तक कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी जिलों में शनिवार व रविवार को दो-दो पालियों में लिखित परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 16 हजार सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। पुलिस भर्ती बोर्ड ने अलग-अलग चैनल के माध्यम से दरोगा भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने की भ्रामक सूचना देकर धन उगाही के मामलों में दो और मुकदमे दर्ज कराए हैं। अब तक लखनऊ की हुसैनगंज कोतवाली में कुल तीन एफआइआर दर्ज कराई गई हैं।
कोषागारों में प्रश्न पत्रों को डबल लाक की सुरक्षा में रखे जाने के साथ ही परीक्षा केंद्रों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी व अन्य बड़े शहरों में 30 व उससे अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में कुल 1090 परीक्षा केंद्रों में 14 व 15 मार्च को नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए कंट्रोल रूमों पर निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। हर परीक्षा केंद्र पर भी एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर का कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच व आधार सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय से दो घंटे पूर्व पहुंचना होगा। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में केवल नीला-काला पेन, पहचान व प्रवेश पत्र लेकर ही भीतर जा सकेंगे। परीक्षा के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 11,66,386 पुरुष व 4,09,374 महिला अभ्यर्थी हैं।
- इन पदों के लिए होगी परीक्षा
कुल पद - 4543
उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस - 4242
महिला प्लाटून कमांडर (पीएसी बटालियन) - 106
पुरुष प्लाटून कमांडर - 135
पुरुष प्लाटून कमांडर - (उप्र विशेष सुरक्षा बल) - 60
वाट्सएप नंबर पर करें शिकायत
भर्ती बोर्ड ने पेपर लीक, पेपर की खरीद-फरोख्त, साल्वर गिरोह अथवा अन्य किसी भी अवांछनीय गतिविधि की जानकारी देने के लिए ईमेल आईडी व वाट्सएप नंबर जारी किया है। कोई भी व्यक्ति ईमेल आईडी satarkta.policeboard@gmail.com तथा वाट्सएप नंबर 9454457951 पर गड़बड़ी की सूचना दे सकता है।
टेलीग्राम पर चैनल बनाकर ठगी का प्रयास
भर्ती बोर्ड ने टेलीग्राम पर यूपीएसआई एक्जाम पेपर लीक नाम से चैनल बनाकर दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने की भ्रामक सूचना देने व ठगी करने वालों के विरुद्ध लखनऊ की हुसैनगंज कोतवाली में उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम - 2024 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। ऐसे ही एक अन्य मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।




साइन इन