up news cm yogi action storm rain 72 death toll compensation instructions UP Weather: मौके पर जाएं अफसर, लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आंधी-बारिश से 72 की मौत पर ऐक्शन में सीएम योगी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: मौके पर जाएं अफसर, लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आंधी-बारिश से 72 की मौत पर ऐक्शन में सीएम योगी

UP Weather: उत्तर प्रदेश में भीषण आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें अब तक 72 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

Thu, 14 May 2026 09:27 AMYogesh Yadav लखनऊ, विशेष संवाददाता
share
UP Weather: मौके पर जाएं अफसर, लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आंधी-बारिश से 72 की मौत पर ऐक्शन में सीएम योगी

UP Weather: उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर पीड़ितों को तुरंत मुआवजा देने का निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए। यूपी में अति वर्षा, आंधी और आकाशीय बिजली से जनहानि, पशुहानि और आर्थिकहानि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की। उन्होंने सभी जिलों के जिलाधिकारियों समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंच कर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुधवार को आंधी-बारिश ने कई इलाकों में कहर ढाया है। 72 लोगों की मौत हो गई है। दर्जनों लोग घायल हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। साथ ही राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वे कराकर शासन को भी अवगत कराने के लिए निर्देश दिए हैं। सर्वे के बाद नुकसान का आंकलन पूरा कर तुंरत मुआवजा देने के लिए कहा गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट मीटर की जांच को बनी समिति ने सरकार को भेजी रिपोर्ट, क्यों उठे फिर सवाल?

पूर्वांचल में 24और प्रयागराज मंडल में 15 मौतों के साथ सबसे ज्यादा तबाही

दक्षिण राजस्थान से आ रही पुरवा की मदद मिलने से बुधवार को प्रदेश में 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार तक आंधी चली। नतीजतन प्रदेश में कुदरत का कहर टूट पड़ा। दोपहर बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आई भीषण आंधी और बारिश के कारण हुए हादसों में 72 लोगों की मौत हो गई। सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे और साइन बोर्ड उखड़ गए, जिससे यातायात और बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

पूर्वांचल में 24 और प्रयागराज मंडल में 15 मौतों के साथ सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिली। आंधी के दौरान हुए हादसों में गोरखपुर में 5, भदोही में 11, मिर्जापुर में पांच, चंदौली में दो और सोनभद्र में एक की मौत हो गई। भदोही के औराई में मंदिर की दीवार गिरने से पूजा करने गईं दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, प्रयागराज में शाम को आई आंधी ने 15 लोगों की जान ले ली। प्रयागराज के ग्रामीण क्षेत्रों में 12 लोग जबकि प्रतापगढ़ में तीन लोगों की जान चली गई। सिद्धार्थनगर में भी टिनशेड गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। बस्ती में एक, गोरखपुर में बुजुर्ग की सीढ़ी से गिरकर जबकि देवरिया में बिजली गिरने से दो की मौत हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फेफड़ों में खून के थक्के, हार्ट पर असर; प्रतीक को लेकर डॉक्टर ने क्या बताया
ये भी पढ़ें:प्रतीक की सामान्य मौत तो पोस्टमार्टम क्यों? सपा नेता रविदास ने जांच की मांग उठाई

मध्य यूपी और रुहेलखंड में 15 की जान गई

मध्य यूपी के जिलों में आंधी-तूफान ने 15 लोगों की बलि ले ली। इनमें अकेले फतेहपुर में सर्वाधिक 8 मौतें हुईं। इसके अलावा उन्नाव में तीन, हरदोई में दो और झांसी व कानपुर देहात में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। रुहेलखंड के बरेली मंडल में सुबह 11 बजे आई आंधी ने बदायूं में छह और बरेली में चार लोगों सहित कुल 10 लोगों की जान ले ली।

अवध और मुरादाबाद मंडल का हाल

अवध क्षेत्र में भी आंधी का कहर बरपा। सीतापुर में पेड़ गिरने से दो और रायबरेली में करंट लगने से एक किशोरी समेत 3 लोगों की मौत हो गई। रायबरेली के ऊंचाहार में आंधी के दौरान गिरे पेड़ की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। मुरादाबाद मंडल के संभल में दीवार और पोल गिरने से महिला समेत दो लोगों की मौत हुई, जबकि अमरोहा में 8 लोग घायल हुए हैं। मंडल में 250 से अधिक बिजली के पोल गिरने से ग्रामीण इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।