बाइकों पर काटा बवाल, पीस कमेटी के सदस्य और साथियों ने लगाए पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार में क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे युवकों द्वारा 'पाकिस्तान जिंदाबाद' और देश विरोधी नारे लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों, इमरान और कासिफ, समेत 15-16 अज्ञात लोगों के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

UP News: यूपी के बरेली में क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे आठ बाइक पर सवार 15-16 युवकों ने कैंट के सदर बाजार इलाके में पाकिस्तान जिंदाबाद और देश विरोधी नारे लगाए। एक युवक ने विरोध किया तो उससे गालीगलौज कर मारपीट पर आमादा हो गए। कैंट पुलिस ने दो नामजद समेत अज्ञात पर देशद्रोह समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। एक नामजद आरोपी थाने की पीस कमेटी का सदस्य है। पुलिस वायरल वीडियो से अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
कैंट में सदर बाजार निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब 12:20 बजे किसी काम के सिलसिले में साईं कंप्यूटर शॉप पर खड़े थे। तभी मदारी पुलिया की ओर से आठ बाइकों पर 15-16 लड़के पाकिस्तान जिंदाबाद और देश विरोधी नारे लगाते हुए वहां से गुजरे। उन्होंने इसका विरोध किया तो उनका नेतृत्व कर रहे सदर बाजार निवासी इमरान और कासिफ अभद्रता करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। इसको लेकर उन्होंने थाना कैंट में शिकायत में कर इमरान व कासिफ समेत अन्य अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मामला संज्ञान में आते ही कैंट पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ कर अन्य की जानकारी की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि कासिफ पीस कमेटी का सदस्य है।
पीस कमेटी का सदस्य है कासिफ, थाने में बैठकर करता था नेतागिरी
बरेली। देश विरोधी और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों में कासिफ नाम का युवक थाने की पीस कमेटी में शामिल है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि इस तरह की घटना से सदर बाजार का माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। पुलिस ने मामला संज्ञान में आते ही रिपोर्ट दर्ज कर धरपकड़ शुरू कर दो युवकों को दबोच लिया।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इमरान और कासिफ दबंग किस्म के व्यक्ति हैं। क्षेत्र में ही रहने वाले सत्ताधारी पार्टी के एक नेता का कासिफ पर हाथ है, जिसके चलते उसने समाजसेवा का चोला ओढ़ रखा है। वह थाने की पीस कमेटी में भी शामिल है, इसी वजह से उसका पुलिस में उठना-बैठना था। इसके चलते लोगों पर वह रौब गांठता रहता है और कोई विवाद होने पर निपटाने को थाने पहुंच जाता था। इस वजह से रविवार को आरोपियों द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद और देश विरोधी नारे लगाने के चलते क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कैंट पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इसके चलते सदर बाजार के तमाम युवक घरों से फरार हो गए हैं। सदर बाजार में लगे कई कैमरों की वीडियो फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है, उनसे भी आरोपियों की पहचान की जा रही है।
बरेली बवाल के दौरान कर चुके थे खुराफात की कोशिश
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि कैंट में धोपेश्वरनाथ चौक बनने के बाद से ही इस घटना में शामिल कुछ खुराफाती लगातार माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। 26 सितंबर 2025 को कानपुर प्रकरण को लेकर जब मौलाना तौकीर ने भीड़ बुलाई थी तो इनमें से कुछ लोग सिविल लाइंस पहुंचे थे। सदर बाजार चौक पर भी इन लोगों ने भीड़ जमा की थी। मगर बवाल के बाद वे अंडरग्राउंड हो गए और साक्ष्य के अभाव में कार्रवाई न होने से उनके हौसले बढ़े हुए हैं।
सीओ सिटी आशुतोष शिवम के अनुसार घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।




साइन इन