सपा नेता के पेट्रोल पंप पर लूटपाट, पहले करवाई बाइक की टंकी फुल फिर खिलौना पिस्टल दिखा लूटा
यूपी में मेरठ के कंकरखेड़ा में सपा नेता के पेट्रोल पंप पर सोमवार रात बाइक सवार दो बदमाश खिलौना पिस्टल लेकर लूट करने पहुंच गए। पहले बाइक में तेल डलवाया व सेल्समैन पर खिलौना पिस्टल तानकर 11 सौ रुपये लूट लिए।

यूपी में मेरठ के कंकरखेड़ा में सपा नेता के पेट्रोल पंप पर सोमवार रात बाइक सवार दो बदमाश खिलौना पिस्टल लेकर लूट करने पहुंच गए। पहले बाइक में तेल डलवाया व सेल्समैन पर खिलौना पिस्टल तानकर 11 सौ रुपये लूट लिए। सेल्समैन ने एक बदमाश को दबोच लिया। दूसरा आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक मनोज चपराना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंकरखेड़ा में रोहटा रोड पर लखवाया गांव के सामने सपा नेता मनोज चपराना का पेट्रोल पंप है। सोमवार रात 10:24 बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे और टंकी फुल कराई। रुपये देने का नंबर आया तो बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर सेल्समैन कपिल पर तान दी और गोली मारने की धमकी दी। उसकी जेब में मौजूद 11 सौ रुपये भी लूट लिए। कपिल ने बदमाशों का पीछा किया और एक आरोपी को बाइक से खींचकर नीचे गिरा दिया। बाकी लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को दबोच लिया। दूसरा लुटेरा बाइक लेकर फरार हो गया।
पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि जिस पिस्टल को दिखाकर लूट की थी, वह खिलौना पिस्टल है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जतिन निवासी कंकरखेड़ा के रूप में हुई है। फरार आरोपी सावन निवासी अंबेडकर नगर कंकरखेड़ा का रहने वाला बताया है।
एसपी सिटी मेरठ, विनायक गोपाल भोसले ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कंकरखेड़ा में दो युवकों ने पेट्रोल पंप पर खिलौना पिस्टल दिखाकर लूटपाट की थी। एक आरोपी को दबोच लिया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में जांच जारी है।
छात्रा से मोबाइल लूटकर भाग रहे लुटेरे को दबोचा
मेरठ के ही गंगानगर डिवाइडर रोड पर छात्रा से मोबाइल लूटकर भाग रहे एक लुटेरे को लोगों ने पकड़ लिया। जिला बिजनौर निवासी छात्रा निकुल गंगानगर में रूम रहकर पढ़ाई कर रही है। निकुल अपनी सहेल रितिका के साथ गंगानगर मेन डिवाइडर रोड पर पैदल जा रही थी। बाइक पर आए दो लुटेरों ने निकुल से मोबाइल छीन लिया। कुछ युवकों ने एक लुटेरे को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। मोबाइल बरामद हो गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित निवासी मोहल्ला जत्तीवाड़ा बुढ़ाना गेट मेरठ बताया। आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया गया है।




साइन इन