तीन दिन तक गैंगरेप कर युवती को ट्रेन में बैठाया, इनामी आरोपियों ने किया सरेंडर
यूपी में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा से गैंगरेप के नामजद दो आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस की पांच टीमें इन 25-25 हजार के इनामी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश देती रहीं।

यूपी में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा से गैंगरेप के नामजद दो आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस की पांच टीमें इन 25-25 हजार के इनामी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश देती रहीं। उधर, पुलिस को आरोपियों के आत्मसमर्पण करने की भनक तक नहीं लगी। अब पुलिस तीसरे आरोपी की शिनाख्त और गिरफ्तारी में जुटी है।
सुशांत गोल्फ सिटी थाने के इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि गैंगरेप का मुख्य आरोपी शिवम यादव और दूसरा आरोपी शनि है। शनि डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है, जबकि शिवम के पिता प्रयागराज में अधिवक्ता हैं। गैंग रेप के मामले में वांछित एक अन्य आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
एडीसीपी पूर्वी रालापल्ली बसंत ने बताया कि दोनों आरोपी शिवम व शनि ने शनिवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस इन दोनों को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया कर रही है। अहम बात है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगी थीं, लेकिन पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं सकी। वारदात के बाद से ही सभी आरोपी मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार चल रहे थे।
छात्रा को पिता ने ट्रेन में बैठाया था
जौनपुर निवासी निजी कॉलेज की बीए ऑनर्स की छात्रा दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही है। कॉलेज में छुट्टी होने पर वह एक मई को घर जौनपुर गई थी। पेपर की तारीख नजदीक आने की वजह से वह जौनपुर से 15 मई को दिल्ली जाने के लिए ट्रेन से निकली थी। पिता ने जाफराबाद रेलवे स्टेशन से सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन से छात्रा को बैठाकर रवाना किया था। छात्रा के करीब चार साल से परिचित युवक शिवम को उसने व्हाट्सएप भेजा था।
चारबाग में मुख्य आरोपी ने ट्रेन से उतार लिया
व्हाट्सएप पर बातचीत में शिवम यादव ने छात्रा को चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में मिलने आया। फिर उसे बहलाकर ट्रेन से उतारकर शहीद पथ स्थित एक कारपोरेट अस्पताल के पास अपने कमरे में ले गया था। वहां पर कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर छात्रा को पिला दिया था। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर साथियों को बुलाकर दुष्कर्म कराया। तीन दिन तक दुष्कर्म के बाद छात्रा की तबियत बिगड़ने लगी तो जबरन उसे जनरल टिकट खरीदवाकर चारबाग रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठा दिया।
छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई
ट्रेन में सफर के दौरान छात्रा ने परिजनों को मोबाइल से मामले की जानकारी दी। परिजनों ने रेलवे पुलिस की मदद ली। फिर दिल्ली के आनंद विहार इलाके में छात्रा के साथ हुई घटना की एफआईआर दर्ज हुई। दिल्ली आनंद विहार पुलिस से जीओ एफआईआर के तहत मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाने में स्थानांतरित किया गया था।




साइन इन