बेकाबू बोलेरो ने घर के बाहर बैठे मां-मौसी व मासूम को रौंदा, 3 साल के बच्चे की मौत
कुशीनगर में एक अनियंत्रित बोलेरो ने मां व मौसी और बच्चे को रौंद दिया। इससे दरवाजे पर खेल रहे बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बोलेरो चालक व दंपती समेत कुल पांच लोग घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी रामकोला पहुंचाया गया।

यूपी के कुशीनगर में शनिवार की शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दरअसल, एक अनियंत्रित बोलेरो ने बच्चे समेत मां व मौसी को रौंद दिया। इससे दरवाजे पर खेल रहे बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बोलेरो चालक व दंपती समेत कुल पांच लोग घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी रामकोला पहुंचाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा क्षतिग्रस्त बोलेरो को कब्जे में ले लिया। बच्चे की मौत से दो परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के करौंदी बाजार की रहने वाली मधु गुप्ता व उसका पति अंकित गुप्ता बोलेरो से दोपहर में कुरहवां स्थित एक महाविद्यालय में स्नातक की परीक्षा देने आए थे। वहां से परीक्षा समाप्त होने पर परीक्षार्थियों लेकर बोलेरो चालक समीर खान घर के लिए रवाना हुआ। बोलेरो महाविद्यालय से एक किमी आगे बढी थी कि टेकुआटार-सोहसा बाजार मार्ग पर खैरटवां मोड़ पर यकायक अनियंत्रित होकर सामने एक व्यक्ति के दरवाजे पर रखे ईंट व पेड़ से टकरा गया। बेकाबू बोलेरो दरवाजे खेल रहे तीन वर्षीय कान्हा, उसकी मां निप्पू व मौसी गुंजन को रौंद दिया। इस हादसे में कान्हा की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बोलेरो सवार चालक व दंपति के साथ बच्चे की मां व मौसी गंभीर रूप से घायल हो गये।
इस हादसे में बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने मौसी की हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा क्षतिग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर थाने ले गई। इस संबंध में रामकोला के प्रभारी एसओ संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पुलिस पहुंच कर जांच कर रही है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।




साइन इन