VIDEO: दिनदहाड़े सर्राफ से लूट कर भाग रहे 3 बदमाशों को भीड़ ने दबोचा, जमकर की धुनाई
बदायूं में शुक्रवार को दिनदहाड़े असलहा से लैस चार बदमाशों ने सर्राफ को गन प्वाइंट पर लेकर आभूषण बोरी में भर लिए। पांच लाख की नकदी लूट ली। लूट को अंजाम देकर बाइक से भाग रहे तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़कर पीट दिया। जबकी एक फरार हो गया।

यूपी के बदायूं जिले के उघैती क्षेत्र के खितौरा गांव के मुख्य बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े असलहा से लैस चार बदमाशों ने सर्राफ को गन प्वाइंट पर लेकर आभूषण बोरी में भर लिए। पांच लाख की नकदी लूट ली। लूट को अंजाम देकर बाइक से भाग रहे तीन बदमाशों को ग्रामीण और व्यापारियों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी पांच लाख की नकदी लेकर फरार हो गया।
गांव खितौरा निवासी लालाराम रस्तोगी की बिसौली-सहसवान रोड पर सर्राफ की दुकान है। शुक्रवार शाम पांच बजे एक बाइक पर सवार चार बदमाश दुकान में पहुंचे। लालाराम को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और अलमारी में रखे आभूषण बोरी में भरवा लिए। साथ ही पांच लाख नकदी भी लूट ली। जैसे ही बदमाश बाइक पर सवार होकर भागे लालाराम ने शोर मचा दिया। इस पर व्यापारियों और ग्रामीणों ने भाग रहे 3 बदमाशों को पकड़ लिया। दो बदमाशों से ग्रामीणों ने तमंचे छीन लिए। गुस्साए ग्रामीणों ने व्यापारियों के साथ बदमाशों की लाठी डंडों से पिटाई की। सूचना पर पुलिस पहुंची और तीनों को थाने ले गई। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर नाराज व्यापारियों ने जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। पकड़े गए बदमाशों में उघैती के गांव स्वरूपपुर का सचिन, बिसौली के गांव पर्शिया का अंकित और बरेली जिले के आंवला के गांव राजपुर खुर्द का प्रदीप शामिल है।
दिनदहाड़े घटना पर फूटा गुस्सा हाईवे पर दो घंटे तक लगाया जाम
दिनदहाड़े बाजार में सर्राफ से लूटपाट की घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। वारदात के बाद सुरक्षा को लेकर तमाम व्यापारी उग्र हो गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बिसौली-सहसवान रोड पर जाम लगा दिया। जाम लगने के बाद दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इससे राहगीरों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सूचना एसपी देहात हृदेश कठेरिया मौके पर पहुंचे तो लोगों ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनके आश्वासन और मान मनोबल के बाद आक्रोशित व्यापारी शांत हुए और करीब दो घंटे बाद जाम खोला।
तीनों बदमाश सीएचसी से जिला अस्पताल किए रेफर
पुलिस ने पकड़े गए तीनों बदमाशों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम उघैती थाना क्षेत्र के गांव स्वरूपपुर निवासी सचिन, बिसौली कोतवाली के गांव पर्शिया निवासी अंकित और बरेली जिले के आंवला कोतवाली के गांव राजपुर खुर्द निवासी प्रदीप बताया है। सीएचसी से तीनों बदमाशों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस से हुई नोकझोंक
घटना के बाद ग्रामीण और व्यापारी प्रभारी निरीक्षक को बुलाने की जिद पर अड़ गए। इस दौरान एक सिपाही और दारोगा ने व्यापारियों से घायल बदमाशों को अस्पताल पहुंचाने की बात कही तो लोग और भड़क गए। काफी देर समझाने के बाद लोग शांत हुए और पुलिस बदमाशों को लेकर थाने गई।
आभूषण मिले मगर पांच लाख नहीं
ग्रामीणों और व्यापारियों ने बदमाशों से बोरी में भरे आभूषण बरामद कर लिए। पीड़ित लालाराम ने जब पांच लाख की नकदी भी लूटने की बात कही तो एसपी देहात हृदेश कठेरिया विफर गए। इस पर व्यापारी भड़क गए। माहौल बिगड़ता देख उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की, तब व्यापारी और ग्रामीण मानने को तैयार हुए। इसके बाद एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए।




साइन इन