बलरामपुर में पूजा-पाठ कर गोंडा पहुंचे सीएम योगी, दी 516 करोड़ की योजनाओं की सौगात
बलरामपुर में शक्ती पीठ देवी पाटन मंदिर के गर्भ गृह में आदि शक्ती मां पाटेश्वरी देवी का दर्शन पूजन करने के बाद सीएम योगी गोंडा पहुंचे। सीएम योगी ने आज गोंडा में 515.6 करोड़ रुपये की लागत वाली 262 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की सुबह करीब दस बजे गोंडा जिले के करनैलगंज स्थित चकरौत गांव पहुंचे। यहां आयोजित भव्य कार्यक्रम में उन्होंने 515.6 करोड़ रुपये की लागत वाली 262 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इससे पहले मुख्यमंत्री के आगमन पर हेलीपैड पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सीएम का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद सीएम योगी ने वहां लगाई गई सरकारी विभागों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम के मंच पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को भगवान राम की प्रतिमा और गदा भेंट कर उनका पारंपरिक स्वागत-सम्मान किया। वहीं जिला प्रशासन की ओर से उन्हें माँ शक्ति की प्रतिमा भेंट की गई, जो शक्ति और सेवा के प्रतीक के रूप में देखी जा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनता, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
इसके बाद सीएम योगी ने मंच से योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन योजनाओं का सीधा लाभ करनैलगंज और कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्रों की जनता को मिलेगा। सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शक्ति की आराधना कर सीएम ने कि लोक मंगल की कामना
गोंडा से पहले अपने दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरे दिन शनिवार सुबह शक्ती पीठ देवी पाटन मंदिर के गर्भ गृह में आदि शक्ती मां पाटेश्वरी देवी का दर्शन पूजन किया। सीएम ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ गौशाला में गोबंशो को हरा चारा और गुड़ खिलाया। शनिवार को सीएम योगी की दिनचर्या की शुरुवात पूजा पाठ से हुई। सीएम सुबह आठ बजे शक्ती पीठ देवी पाटन मंदिर के गर्भ गृह में पहुंचे। मंदिर के पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी व अन्य पुजारियों ने सीएम को पूजा पाठ कराया। इसके बाद सीएम ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएम ने कहा कि शक्ति पीठ पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसका विशेष ख्याल रखा जाएं। मंदिर परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने मंदिर के सूर्यकुंड व थारू जनजाति छात्रावास का भी जायजा लिया। सीएम ने हर बार की तरह इस बार भी मंदिर के गौशाला में जाकर गोवंशों को हरा चारा व गुण खिला कर उनका दुलार किया। सुबह साढ़े नौ बजे सीएम योगी देवीधाम से गोंडा के लिए रवाना हो गए। इस दौरान शक्तिपीठ और उसके आसपास पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर जिले के जनप्रतिनिधि व आला अधिकारी मौजूद थे।
समस्याओं को लेकर विभूतिनाथ मंदिर के महंत शिवनाथ ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
श्रावस्ती जनपद के प्रसिद्ध पाण्डव कालीन विभूतिनाथ शिव मंदिर के विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को महंत शिवनाथ गिरी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान महंत ने मंदिर के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी और मंदिर के समग्र विकास की मांग की।
विभूतिनाथ मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था, क्षेत्र में विद्युत, सड़क एवं अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने मंदिर के महंत द्वारा उठाए गए विषयों और समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। महंत शिवनाथ गिरी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि मंदिर एवं क्षेत्र के विकास से स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं को लाभ और समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।




साइन इन