UP Board exams 18 districts declared sensitive, extra security will be deployed, Chief Secretary issued instructions यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 18 जिले संवेदनशील घोषित, रहेगा अतिरिक्त पहरा, मुख्य सचिव के अल्टीमेटम भी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 18 जिले संवेदनशील घोषित, रहेगा अतिरिक्त पहरा, मुख्य सचिव के अल्टीमेटम भी

यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 18 जिले संवेदनशील घोषित किए गए हैं। अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों का प्रतिदिन दो बार निरीक्षण कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

Wed, 4 Feb 2026 08:54 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 18 जिले संवेदनशील घोषित, रहेगा अतिरिक्त पहरा, मुख्य सचिव के अल्टीमेटम भी

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने अधिकारियों को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं के दौरान किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त न किए जाने का कड़ा अल्टीमेटम दिया है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्त, डीएम व वरिष्ठ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को नकलविहीन, शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से परीक्षा सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के मध्य सभी जिलों में होगी।

मुख्य सचिव ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कहा कि पूर्ववर्ती घटनाओं के दृष्टिगत 18 जिलों आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, हरदोई, कन्नौज, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया व गोंडा को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन जिलों में विशेष सतर्कता बरती जाए। अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों का प्रतिदिन दो बार निरीक्षण कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 20 परीक्षा केन्द्रों पर जैमर लगाए जाने की भी तैयारी है।

कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी परीक्षा कक्षों व परिसरों में सीसीटीवी युक्त वायस रिकार्डर पूरी तरह क्रियाशील रहें। हर जिले में कंट्रोल व मानीटरिंग सेंटर स्थापित हो जाएं। कंट्रोल रूम में जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहें। कहा कि एसटीएफ व एलआईयू के माध्यम से संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों की विशेष निगरानी कराई जाए। परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र खोलने की पूरी कार्यवाही सीसीटीवी निगरानी में की जाए तथा यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि स्ट्रांग रूम से केवल सही प्रश्नपत्र की ही निकासी हो। स्ट्रांग रूम की रात्रिकालीन रैंडम चेकिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए। नकल की रोकथाम के लिए केंद्रों के बाहर सीओ व एसओ नियमित पेट्रोलिंग करें। परीक्षा के समय के अनुसार बसों का नियमित संचालन हो। निर्बाध विद्युत आपूर्ति भी सुनिश्चित कराई जाए। सोशल मीडिया की निगरानी भी लगातार की जाए।

हाईस्कूल व इंटर के 8033 परीक्षा केंद्र

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 8033 केंद्रों में होगी। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली का समय सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक निर्धारित है। यूपी बोर्ड की वर्ष 2026 की परीक्षा में कुल 53 लाख 37 हजार 778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 27 लाख 61 हजार 696 तथा इंटरमीडिएट के 25 लाख 76 हजार 082 परीक्षार्थी हैं।

ये भी दिए निर्देश

- अभियान के तहत लंबित चालान वाले वाहनों, ओवरलोड वाहनों तथा फर्जी, धुंधली अथवा गलत नंबर प्लेट लगाकर खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

- उपखनिजों का परिवहन करने वाले सभी वाहनों पर जीपीएस डिवाइस अनिवार्य रूप से लगवाया जाए तथा संबंधित डिवाइस का विभागीय पोर्टल पर इंटीग्रेशन कराया जाए।

- शेष रह गए 5,632 वाहनों को भी शीघ्र माइन टैग से जोड़कर प्रणाली को पूर्ण रूप से प्रभावी बनाया जाए।

- मंडलायुक्त कलेक्ट्रेट तथा डीएम तहसील कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में 261 सड़कें चमकेंगी, योगी सरकार ने दी मंजूरी; लोगों का सफर आसान होगा

- जनसुनवाई के लिए निर्धारित समय पर अधिकारी अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहें।

- रातस्व मामलों की सघन व नियमित मानीटरिंग की जाए तथा अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।