नशे में धुत शोहदों ने टेंपो में बैठी महिलाओं को जबरन लगाया रंग, विरोध करने पर की मारपीट
बरेली में शोहदों ने टेंपो से जा रही महिलाओं को जबरन रंग लगाया। जब उन्होंने विरोध किया तो उनसे छेड़छाड़ कर परिवार के लोगों को बेहरमी से पीटा। यहां तक कि टेंपो में तोड़फोड़, लूटपाट और फायरिंग भी की।

Bareilly News: यूपी के बरेली के फतेहगंज पूर्वी में टेंपो से जा रहे परिवार की महिलाओं को दबंगों ने जबरन रंग लगाया और विरोध पर उनसे छेड़छाड़ कर परिवार के लोगों को बेहरमी से पीटा। इस दौरान टेंपो में तोड़फोड़, महिलाओं से लूटपाट और फायरिंग का भी आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है।
फतेहगंज पूर्वी के एक गांव का परिवार होली की खरीदारी कर टेंपो से घर लौट रहा था। रात करीब आठ बजे टेंपो गांव में पहुंचा तो वहां डीजे पर कुछ युवक नशे की हालत में डांस कर रहे थे। उन्होंने टेंपो रोक लिया और महिलाओं को जबरन रंग लगाने लगे। परिवार के युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने सबको टेंपो से बाहर खींच लिया। आरोप है कि सभी से मारपीट कर महिलाओं से छेड़छाड़ की गई। इसी बीच युवक ने परिवार वालों को फोन कर दिया तो वे लोग मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने पीड़ित परिवार को बचाया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करने लगे तो उन्होंने छत पर चढ़कर फायरिंग और पथराव कर दिया। आरोप है कि इस दौरान टेंपो में भी तोड़फोड़ की गई और महिलाओं के चेन व कुंडल लूट लिए गए। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। मारपीट में एक महिला समेत कुछ लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित परिवार ने 14 लोगों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही
इस मामले में सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि महिलाओं को जबरन रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष ने अन्य आरोप भी लगाए हैं। उनकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
किसी पर जबरन रंग ना डालें, मानक के अनुरुप बजाएं डीजे
उधर, कानपुर में होली के त्योहार को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को पुलिस बल के साथ कस्बे में पैदल भ्रमण किया अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजन से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
डीएम-एसएसपी ने पुलिस बल के साथ सरोजनी रोड, सब्जी मंडी, बालूगंज सहित मुख्य मार्गों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण कर दुकानें लगाए बैठे कुछ व्यापारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि त्यौहार के दौरान मार्ग अवरुद्ध न हों और आवागमन सुचारु रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात में बाधा उत्पन्न ना की जाए। वहीं दुकानदारों द्वारा सब्जी मंडी में बाहर तक फैली हुई दुकानों को देख चिंताजाहिर की। साथ ही दुकानदारों से कहा कि यदि कभी भी आग लगने जैसी कोई घटना हुई तो स्थिति बेहद चिंताजनक होगी।




साइन इन