UP Barabanki block pramukh threatens BDC with kidnapping and murder, FIR lodged ब्लॉक प्रमुख ने बीडीसी को अपहरण और हत्या की दी धमकी, एफआईआर दर्ज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ब्लॉक प्रमुख ने बीडीसी को अपहरण और हत्या की दी धमकी, एफआईआर दर्ज

यूपी के बाराबंकी जिले में ब्लॉक प्रमुख ने बीडीसी को अपहरण और हत्या की  धमकी दी है। बीडीसी सदस्य की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ब्लॉक प्रमुख संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Thu, 11 Sep 2025 06:50 AMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
ब्लॉक प्रमुख ने बीडीसी को अपहरण और हत्या की दी धमकी, एफआईआर दर्ज

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में ग्राम भगेला मजरे पल्हरी के बीडीसी सदस्य ने ब्लॉक प्रमुख पर विकास कार्य के भुगतान में आनाकानी करने और भुगतान के कहने पर अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित बीडीसी सदस्य की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ब्लॉक प्रमुख संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम भगेला मजरे पल्हरी निवासी मनीराम पुत्र राम उचित बीडीसी सदस्य हैं। बीडीसी सदस्य आरोप लगाया है कि मसौली के समाजवादी पार्टी के ब्लॉक प्रमुख रईस आलम ने 8 सितंबर 2025 को मोबाइल फोन से गंदी-गंदी गालियां देते हुए अपहरण और जान से मारने की धमकी दी। बीडीसी सदस्य पीड़ित मनीराम का कहना है कि उन्होंने गांव में विकास कार्य कराया था, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया जा रहा है। जब उन्होंने मेहनत का रुपया मांगा तो ब्लॉक प्रमुख ने अभद्रता करते हुए धमकाना शुरू कर दिया। होटल चलाकर जीवन यापन करने वाले बीडीसी सदस्य का आरोप है कि विपक्षी उनका धन हड़पने की नीयत से दबाव बना रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP में साइबर क्राइम को लेकर DGP ने जारी की नई एसओपी, पुलिस अफसरों को ये निर्देश

बीडीसी सदस्य मनीराम ने यह भी दावा किया कि धमकी और गाली-गलौज की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। उन्होंने आशंका जताई कि वह किसी भी समय गंभीर वारदात करा सकते हैं। पीड़ित बीडीसी सदस्य की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष अमर चौरसिया ने बताया कि बीडीसी सदस्य ने ब्लॉक प्रमुख पर हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।