हत्या के बाद एक्सप्रेसवे पर कंबल में लपेटकर फेंकी युवती की लाश, टेप से किया पैक
यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 148 के निकट ग्राम सौरई के पास शुक्रवार को एक युवती का कंबल में लिपटा और काले टेप से पैक शव मिला। हत्या करके शव को फेंका गया था। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में कोई सुराग नहीं मिला।

यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 148 के निकट ग्राम सौरई के पास शुक्रवार को एक युवती का कंबल में लिपटा और काले टेप से पैक शव मिला। हत्या करके शव को फेंका गया था। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में कोई सुराग नहीं मिला। शव की पहचान के लिए पुलिस आस-पास के जिलों में लापता हुईं युवतियों की जानकारी कर रही है। आशंका है कि गला दबाकर हत्या की गई है। शव को किसी गाड़ी से आकर फेंका गया।
दोपहर करीब तीन बजे बकरी चराने वालों ने एक्सप्रेसवे के किनारे कंबल पड़ा देखा। पास गए तो अंदर कोई शव था। पुलिस को सूचना दी। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव नाले में पड़ा था। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस डॉग भी मौके पर आया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। एसीपी ने बताया कि युवती की उम्र 25 साल के आस-पास रही होगी। विवाहित थी। पैरों में बिछुए पहने थी। सलवार सूट के ऊपर ट्रैक सूट का अपर पहन रखा था। युवती के गले और गाल पर चोट के निशान थे।
शव देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या कुछ घंटे पहले ही की गई होगी। युवती के हाथ पर सनी और आरएस लिखा हुआ था। उसे भी खुरचने का प्रयास किया गया था। ताकि शव की पहचान नहीं हो सके। शव आगरा से दिल्ली जाने वाली लेन के किनारे मिला। घटना स्थल खंदौली टोल प्लाजा से करीब तीन किलोमीटर आगे है। पुलिस आशंका जता रही है कि जिस भी गाड़ी से शव फेंका गया उसने टोल जरूर पार किया होगा। टोल पार करने वाली सभी गाड़ियों की डिटेल निकाली जा रही है।
शिकायत नहीं तो शिनाख्त कैसे
अज्ञात शव की शिनाख्त न होने के पीछे कई वजह रहती हैं। पुलिस यह मानती है कि जिस वारदात में अपने शामिल होते हैं उनमें शिनाख्त में दिक्कत आती है। जिस वारदात में प्रेमी शामिल होता है उस घटना में परिजन गुमशुदगी जरूर दर्ज कराते हैं। हाल ही में जवाहरपुल पर एक युवती की सिरकटी लाश मिली थी। ऑफिस में साथ काम करने वाले युवक ने मिंकी शर्मा की हत्या की थी। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। शव की शिनाख्त होते ही पुलिस ने चंद घंटों में वारदात का खुलासा कर दिया था।
पहले किया था शृंगार
युवती की आंखों में काजल लगा हुआ था। उसने लिपिस्टिक भी लगा रखी थी। जिसे देखकर पुलिस आशंका जता रही है कि उसे धोखे से मारा गया होगा। उसे अंदाजा नहीं होगा कि उसकी जान को खतरा है। अभास होता तो उसने शृंगार नहीं किया होता। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए आस-पास के जिलों से लापता हुईं युवतियों की जानकारी भी जुटा रही है।
पहले हत्या करके जलाई गई थी लाश
इससे पहले भी कई शव यमुना एक्सप्रेसवे पर मिल चुके हैं। फरवरी 2021 में यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदौली टोल प्लाजा के पास एक युवती की जली हुई लाश मिली थी। युवती का चेहरा बुरी तरह जल गया था। पोस्टमार्टम में हत्या की वजह गला घोंटना आई थी। शव की पहचान न होने की वजह से इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका था। उस समय पुलिस ने खुलासे के लिए शव की पहचान के हर संभव प्रयास किए थे। महीनों मेहनत के बाद के हाथ कोई सुराग नहीं लगा था। गाड़ी में हत्या के बाद पेट्रोल डालकर शव जलाया गया था। मामला अनसुलझा ही है।




साइन इन