गोरखपुर में बेरहमी से युवक का कत्ल, सीने में चाकू धंसा छोड़ गए कातिल; खेत में मिली लाश
शनिवार की सुबह गांववाले खेतों की ओर गए तो सरसों के खेत में शव देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। युवक जमीन पर औंधे मुंह पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था। मंजर देख साफ लग रहा था कि युवक पर धारदार हथियार से कई बार वार किया गया है।

गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के पेवनपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सरसों के खेत में एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिला। युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी। उसके सीने में चाकू धंसा हुआ था, जबकि शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से किए गए गहरे जख्मों के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस के साथ ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार सुबह जब वे खेतों की ओर गए तो सरसों के खेत में शव देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। युवक जमीन पर औंधे मुंह पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था। मौके का मंजर देख साफ लग रहा था कि युवक पर धारदार हथियार से कई बार वार किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी चाकू को युवक के सीने में ही छोड़कर फरार हो गए।
शराब पार्टी के बाद हत्या की आशंका
पुलिस को घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर शराब की खाली बोतलें और पानी के पाउच मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले वहां शराब पार्टी हुई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि नशे की हालत में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और बात इतनी बढ़ गई कि युवक की निर्मम हत्या कर दी गई।
मोबाइल गायब, लूट या साजिश?
जांच के दौरान मृतक के पास से इयरबड्स तो बरामद हुए हैं, लेकिन उसका मोबाइल फोन गायब है। मोबाइल न मिलने से लूट की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं, यह भी माना जा रहा है कि हत्यारे पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए मोबाइल अपने साथ ले गए हों। पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में सूचना भेज रही है और गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जो हत्यारों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकते हैं। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम आने की संभावना है। रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों और घटनाक्रम को स्पष्ट किया जाएगा। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच चल रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




साइन इन