आगरा हत्याकांड: पुलिस को शक था इसलिए खंगाले मकान, किराएदार के कमरे में ड्रम में मिली लाश
यूपी में आगरा के ताजगंज के सिद्धार्थ नगर में बुधवार देर शाम ड्रम में शव मिलने के बाद पूरा इलाका देर रात तक उबलता रहा। इसी बीच सोशल मीडिया पर वाहनों में तोड़फोड़ का मैसेज वायरल हुआ। हालांकि पुलिस किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ से इनकार कर रही है।

यूपी में आगरा के ताजगंज के सिद्धार्थ नगर में बुधवार देर शाम ड्रम में शव मिलने के बाद पूरा इलाका देर रात तक उबलता रहा। इसी बीच सोशल मीडिया पर वाहनों में तोड़फोड़ का मैसेज वायरल हुआ। हालांकि पुलिस किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ से इनकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना पर भीड़ जमा हो गई थी। कोई बवाल नहीं हुआ। कुछ लोगों ने नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि सीसीटीवी में बालिक घर वाली गली में जाते दिखी थी। इससे इतना तो साफ हो गया था कि जो भी हुआ गली के अंदर हुआ है। पुलिस की एक टीम गली के बाहर कैमरे खंगाल रही थी। एक टीम को मकानों की तलाशी की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस ने एक-एक करके कई घर खंगाले। कुछ घरों में जूता कारखाने चलते हैं वहां भी छानबीन की गई। कर्मचारियों के बारे में पता किया गया। दोपहर तक पुलिस को यह नहीं पता था कि बच्ची के घर में भी एक किराएदार रहता है। उसके बारे में देर शाम जानकारी हुई।
किराएदार पर तलाशी के दौरान बढ़ा शक
बुधवार की दोपहर पुलिस ने गली में कई घरों की तलाशी ली। घरों की छत पर भी गई। टंकियां खेालकर देखीं मगर कोई सुराग नहीं मिला। बेटी के लापता होने के चलते परिवार में कोहराम मचा हुआ था। घर में चूल्हा तक नहीं जला था। बेटी की याद में मां का रो-रोकर बुरा हाल था। अपराधी तो घर में ही किराए पर रह रहा था। वह नशेबाज था, इसके बावजूद उसे किराए पर कमरा क्यों दिया। पुलिस बालिका के लापता होने की सूचना के बाद से छानबीन में जुटी रही।
महिलाओं में गुस्सा
मौके पर मौजूद महिलाओं का कहना था कि नवरात्र में इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर दिया है। कई महिलाओं का कहना है कि आरोपी ने संभवतः बुरी नीयत से ही बच्ची को उठाया होगा। बच्ची उसे पहचानती थी, इसलिए उसकी हत्या कर दी। महिलाओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
नवरात्र के दौरान बालिका के साथ ऐसी वारदात आगरा में पहली बार नहीं हुई है। वर्ष 2018 में सेंट जोंस चौराहा के पास फुटपाथ पर सो रही बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। उस बालिका के साथ दुराचार भी किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले का खुलासा किया था। विधि के एक छात्र ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की मजबूत चार्जशीट के आधार पर आरोपी को सजा हुई थी। उस समय बालिका का शव वैश्य हॉस्टल के ग्राउंड में मिला था। बच्ची फुटपाथ पर अपनी मां के पास सो रही थी, जहां से आरोपी उसे गोद में उठाकर ले गया था।




साइन इन