LPG News: होटल में रूम तो ठीक लेकिन खाना मिलने की गारंटी नहीं, एलपीजी सिलेंडर का संकट गहराया
कामर्शियल गैस की सप्लाई नहीं हो पा रही है। अभी इन होटलों के पास तीन से चार दिन का पुराना स्टाक रखा है। आगे के बारे में वह कुछ भी कह पाने में असमर्थ हैं। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण विदेशी पर्यटकों की संख्या तेजी के साथ गिरी है। लगातार बुकिंग कैंसिल हो रहीं हैं।

LPG News: आगरा घूमने गए। आपने होटल बुक कराया। परिवार के साथ आए। होटल में ठहरे। एक दिन तो स्वादिष्ट व्यंजन का लुत्फ उठाया, लेकिन दूसरे दिन पता चला कि गैस न होने के कारण रेस्टोरेंट बंद है। ऐसे में आपकी क्या स्थिति होगी। जी हां, ये दिन भी दूर नहीं दिख रहा। हालांकि ये हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि सितारा और बजट होटल के प्रबंध तंत्र का कहना है। उनका भी कहना बाजिव है। कारण, कामर्शियल गैस की सप्लाई नहीं हो पा रही है। अभी इन होटलों के पास तीन से चार दिन का पुराना स्टाक रखा है। आगे के बारे में वह कुछ भी कह पाने में असमर्थ हैं।
अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण विदेशी पर्यटकों की संख्या तेजी के साथ गिरी है। लगातार बुकिंग कैंसिल हो रहीं हैं, लेकिन इस सीजन में ताजमहल का दीदार करने के लिए प्रतिदिन 17-18 हजार सैलानी आ रहे हैं। इनमें से पांच से छह हजार पर्यटक सितारा और बजट होटलों में ठहरते हैं। इधर, कामर्शियल गैस की आपू्र्ति पर असर पड़ने के कारण इन होटलों के सामने भी समस्या आने वाली है।
पिछले दो दिन से इन होटलों के प्रबंधतंत्र द्वारा कुछ भी नहीं बोला जा रहा था, लेकिन अब ये लोग भी कहने लगे हैं कि चार से पांच दिन का पुराना स्टॉक बचा है। ये खत्म हो गया और आगे गैस की सप्लाई न मिली तो रेस्टोरेंटों को बंद करना पड़ेगा। इसका असर होटल के कमरों पर भी पड़ेगा।
बुकिंग की मारामारी, सर्वर हुआ डाउन
घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग न होने से जनपद के अनेक क्षेत्रों कें उपभोक्ता परेशान रहे। फतेहाबाद स्थित एक उपभेाक्ता ने बताया कि वह चार दिन से प्रयास करने पर भी रीफिल बुक नहीं कर पा रहे। वहीं वितरकों का कहना है कि आमतौर पर जितने उपभोक्ता बुकिंग सेवा को प्रयोग करते हैं, उसकी तुलना में इस समय दस से बीस गुना अधिक लोड आ गया है। सर्वर दिक्कत दे रहा है। एजेंसी की तरफ से यह भी स्पष्ट किया गया है कि ऑफिस में किसी भी तरह की बुकिंग नहीं होगी।
एजेंसियों की पोल खुली
उपभोक्ताओं के केवाईसी न होने एवं उनके विवरण डाटा बेस में अपडेट नहीं होने की वजह से कई गैस एजेंसियों की बुकिंग में अचानक ही गिरावट हो गई है। सूत्रों ने बताया कि इन एजेंसियों द्वारा पूर्व में अपने ऑफिस में मैनुअल बुकिंग कर ली जाती थी। इसके आधार पर वह रीफिल की सप्लाई कर देते थे। अब नियमों में सख्ती कर दी गई है, ऐसे हालात में इनके पास बुकिंग की संख्या में बड़ी कमी हो गई है।
गैस एजेंसी पर हंगामा
रीफिल के लिए शाहगंज स्थित गैस एजेंसी पर लोगों ने हंगामा काटा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गैस को लेकर आक्रोशित होकर कुछ लोगों के बोलने से यहां कार्यरत महिला स्टाफ ने आपत्ति की। विवाद बढ़ा और शटर गिरा दिया गया। कुछ लोगों ने हस्तक्षेप किया औरमहिला स्टाफ को फिर से काम के लिए राजी किया। एजेंसी संचालक ने बताया कि लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि वे घर बैठे ही बुकिंग कर दें।




साइन इन