बरसाती गड्ढों ने ली पांच मासूमों की जान, गोरखपुर में 2 तो सीतापुर में तीन की डूबने से हुई मौत
यूपी में दो अलग-अलग जिलों में हुए हादसों ने मातम का माहौल बना दिया। सीतापुर जिले में खेलते समय बरसाती गड्ढे में गिरने से तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई, जबकि गोरखपुर के सिकरीगंज क्षेत्र में ईंट-भट्ठे के पास पानी से भरे गड्ढे में दो बच्चियां जान गंवा बैठीं।

उत्तर प्रदेश में बरसाती गड्ढे खतरनाक साबित हो रहे हैं। सोमवार और मंगलवार को दो जिलों में 5 बच्चों की गड्ढों में डूबने से मौत हो गई। गोरखपुर में 2 तो सीतापुर में 3 बच्चों की जान चली गई। उधर, घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पहला मामला गोरखपुर का है। जहां सिकरीगंज क्षेत्र में एक ईंट-भट्ठे के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि सोमवार को छह साल की दीया तिवारी (छह), आठ साल की अनुष्का गौड़ और आठ साल का आर्यन तिवारी स्कूल से लौटने के बाद पिडारी गांव में एक ईंट-भट्ठे के पास खेल रहे थे। यह ईंट बनाने के लिए गड्ढे खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी जमा था।
खेलते समय दीया फिसलकर गड्ढे में गिर गई, उसे बचाने के प्रयास में आर्यन और अनुष्का भी पानी में कूद गए लेकिन वे भी डूबने लगे। शाम तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और उन्हें पानी से भरे गड्ढे में पाया गया। तीनों को बाहर निकालकर पहले उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में गोरखपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने दीया और अनुष्का को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीया के भाई आर्यन की हालत गंभीर बनी हुई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करण नय्यर ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और स्थिति की जानकारी ली।
सीतापुर में तीन बच्चों की गई जान
दूसरा मामला सीतापुर जिले का है। जहां लहरपुर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाद सड़क किनारे बरसाती गड्ढे में गिरने से तीन बच्चों की डूब कर मौत हो गई जबकि एक अन्य बालिका को सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस ने बताया कि ग्राम बासुर बेलवा में कुछ बच्चे सड़क किनारे खेल रहे थे कि इस बीच एक 13 साल की शबाका पैर फिसल गया और वह पानी भरे गड्ढे में गिर गयी। जिसे बचाने में तीन और बच्चे 12 वर्षीय पवन, विकास (12) और मोहिनी (13) गड्ढे में उतर गए और चारों डूबने लगे। शोर गुल सुनकर गांव वालों ने सड़क के नीचे गहरे गड्ढे से चारों लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने शब्बा, पवन, विकास को मृत घोषित कर दिया। जबकि मोहिनी की जान बच गई।




साइन इन