यूपी के अनुदेशकों के लिए कल बड़ा दिन, CM योगी की अध्यक्षता में होगा कार्यक्रम; सभी DM को आदेश जारी
इस संबंध में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा सभी DM को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि सीएम की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम के समानांतर सभी जिलों में भी भव्य आयोजन सुनिश्चित किए जाएं।

UP News : उत्तर प्रदेश सरकार अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और उनके बढ़े हुए मानदेय वितरण को लेकर रविवार 17 मई को पूरे उत्तर प्रदेश में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम शाम चार बजे से आयोजित होगा। सरकार द्वारा पहले जारी शासनादेश के तहत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया गया था। बढ़ा हुआ मानदेय 1 अप्रैल, 2026 से प्रभावी किया गया है। इसी के तहत अब प्रदेशभर में प्रतीकात्मक चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम के समानांतर सभी जिलों में भी भव्य आयोजन सुनिश्चित किए जाएं। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारियों की सहभागिता रहेगी।
जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शिक्षकों, अंशकालिक अनुदेशकों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के समापन के बाद जिलों में जनप्रतिनिधियों द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए जाएंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनप्रतिनिधियों के संबोधन भी आयोजित होंगे।
शिक्षा मित्रों के लिए 5 मई को आयोजित हुआ था कार्यक्रम
शिक्षा मित्रों को बढ़े हुए मानदेय के वितरण के लिए पांच मई को कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में चयनित शिक्षामित्रों को सम्मानित किया था और उन्हें बढ़े मानदेय का चेक भी प्रदान किया था। कार्यक्रम में सीएम योगी ने शिक्षामित्रों को कैशलेस चिकित्सा के साथ ही पारस्परिक स्थानांतरण (म्यूचुअल) की सुविधा का भी ऐलान किया था। सीएम योगी ने कहा कि सभी शिक्षामित्रों को पांच लाख रुपये का सालाना कैशलेस स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा परिषद को तत्काल सभी जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
शीघ्र ही समारोह आयोजित कर सभी को यह कार्ड प्रदान किया जाएगा। सीएम ने कहा था कि परिषद को तत्काल सभी शिक्षामित्रों के बैंक खाते खुलवाने का भी निर्देश दिया गया है। इससे मानदेय सीधा खाते में आएगा। सरकार ने शिक्षामित्रों को उनके जिले व नजदीकी विद्यालय में तैनाती देने की व्यवस्था की है। खासकर, विवाहित महिला शिक्षामित्रों को मायके या सुराल के निकट विद्यालय में म्यूचुअल ट्रांसफर की सुविधा दी जाएगी।




साइन इन